जोस बटलर ने बनाया टी20 में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड, बोले- वैभव सूर्यवंशी एक दिन इसे तोड़ेंगे

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 06-08-2026
Jos Buttler sets record for most runs in T20s; says Vaibhav Suryavanshi will break it one day.
Jos Buttler sets record for most runs in T20s; says Vaibhav Suryavanshi will break it one day.

 

मैनचेस्टर

इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। रिकॉर्ड बनाने के बाद बटलर ने भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि भविष्य में वही इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।

द हंड्रेड टूर्नामेंट में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (MSG) की ओर से वेल्श फायर के खिलाफ खेलते हुए बटलर ने महज 20 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए। उनकी पारी में दो चौके और छह छक्के शामिल रहे। 250 की स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

अब बटलर के नाम 522 टी20 मैचों में 14,833 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 9 शतक और 105 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज कीरोन पोलार्ड (746 मैच, 14,803 रन) को पीछे छोड़ दिया। इस सूची में क्रिस गेल 463 मैचों में 14,562 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

रिकॉर्ड बनाने के बाद बटलर ने स्काई स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा कि इस उपलब्धि पर उन्हें गर्व है, लेकिन उनका मानना है कि एक दिन यह रिकॉर्ड जरूर टूटेगा।

उन्होंने कहा, "यह सोचना बेहद खास है कि टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन मेरे नाम हैं। लेकिन कोई न कोई एक दिन इस रिकॉर्ड को तोड़ेगा और शायद उसका नाम वैभव सूर्यवंशी होगा। फिलहाल यह मेरे लिए गर्व का पल है।"

वैभव की प्रतिभा से प्रभावित हैं बटलर

महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला में 151 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। भारत ने यह श्रृंखला 3-0 से अपने नाम की थी।

इससे पहले इसी वर्ष आयोजित आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में भी वैभव का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 439 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीता। उनकी लगातार सफलता ने उन्हें दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाजों में शामिल कर दिया है।

पोलार्ड के सामने रिकॉर्ड बनाना चाहता था बटलर

बटलर ने कहा कि वह यह रिकॉर्ड तब बनाना चाहते थे जब उनकी टीम का मुकाबला एमआई लंदन से हुआ था और उस समय कीरोन पोलार्ड विपक्षी टीम के मुख्य कोच के रूप में डगआउट में मौजूद थे।

उन्होंने कहा, "एमआई लंदन के खिलाफ पिछले मैच में अगर मैं पोलार्ड के सामने ही यह रिकॉर्ड बना लेता तो और भी अच्छा लगता। इस सूची में कई महान खिलाड़ियों के नाम हैं और उनके साथ अपना नाम जुड़ना मेरे लिए बेहद गर्व की बात है।"

मैच का हाल

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेल्श फायर ने 100 गेंदों में 4 विकेट पर 155 रन बनाए। टीम के लिए मैट शॉर्ट ने 47 गेंदों पर 71 रन, जबकि फिल सॉल्ट ने 37 गेंदों पर 48 रन की पारी खेली।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टिम साइफर्ट ने 36 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए, जबकि पॉल वॉल्टर ने 18 गेंदों में 37 रन जोड़े। जोस बटलर की तूफानी अर्धशतकीय पारी की बदौलत टीम ने लक्ष्य सिर्फ एक विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।

(एएनआई के इनपुट के साथ)