आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रमंडल खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली मुक्केबाज अरुंधति चौधरी का बुधवार को जयपुर हवाई अड्डे पर जबरदस्त स्वागत किया गया। समर्थकों ने अरुंधति को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
जयपुर हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में लोग अरुंधति का अभिनंदन करने पहुंचे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से गृह नगर कोटा के लिए रवाना हुईं।
अरुंधति ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “मुझे अपनी उपलब्धि पर गर्व है। अब मुझे आगे होने वाली प्रतिस्पर्धाओं की तैयारी करनी है। मैं भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करती रहूंगी।”
कोचिंग और शिक्षा केंद्र के रूप मशहूर कोटा से आने को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुंधति ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अब कोटा की पहचान मुक्केबाजी के क्षेत्र में भी बनेगी।
अरुंधति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता को देते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा, सहयोग और प्रोत्साहन के बलबूते वह इस मुकाम तक पहुंच पाईं।