जहांगीर की 99 रन की धमाकेदार पारी से दुबई कैपिटल्स की रोमांचक जीत, नाइट राइडर्स 9 रन से हारे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-12-2025
Jahangir's explosive 99-run knock gave Dubai Capitals a thrilling win, Knight Riders lost by 9 runs.
Jahangir's explosive 99-run knock gave Dubai Capitals a thrilling win, Knight Riders lost by 9 runs.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
शायन जहांगीर की शानदार 99 रन की पारी के दम पर दुबई कैपिटल्स ने शनिवार को जायद क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अबू धाबी नाइट राइडर्स को 9 रन से हराकर सीजन की दूसरी जीत दर्ज की। मैच आखिरी ओवर तक रोमांच से भरा रहा, लेकिन कैपिटल्स के गेंदबाजों ने दबाव में संयम दिखाते हुए जीत अपने नाम की।
 
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दुबई कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम पावरप्ले में ही 4 रन पर दो विकेट गंवा बैठी। इसके बाद शायन जहांगीर और जॉर्डन कॉक्स ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 115 रन की अहम साझेदारी की। जहांगीर ने एक छोर संभाले रखा और मध्य ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने 99 रन की पारी में 10 चौके और 5 छक्के लगाए, हालांकि वह शतक से महज एक रन दूर रह गए। यह डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 में किसी एसोसिएट खिलाड़ी का सर्वोच्च स्कोर रहा। जॉर्डन कॉक्स ने 29 रन का योगदान दिया, जबकि अंत में रोवमैन पॉवेल ने नाबाद 38 रन बनाकर स्कोर को 196/5 तक पहुंचाया।
 
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अबू धाबी नाइट राइडर्स की टीम को नियमित अंतराल पर झटके लगते रहे। फिल सॉल्ट ने 33 रन बनाकर अच्छी शुरुआत दी, लेकिन पावरप्ले के अंत तक टीम 49/3 पर सिमट गई। बीच के ओवरों में वकार सलामखेल की सटीक गेंदबाजी ने नाइट राइडर्स की मुश्किलें बढ़ा दीं। उन्होंने तीन अहम विकेट झटके।
 
अंत में आंद्रे रसेल ने 33 गेंदों में नाबाद 53 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच में जान फूंकी। जेसन होल्डर के साथ उन्होंने तेज रन जोड़े, लेकिन जरूरी रन रेट बहुत ज्यादा हो गया। आखिरी ओवर में 26 रन बचाने की जिम्मेदारी मोहम्मद जवादुल्लाह ने बखूबी निभाई और दुबई कैपिटल्स को यादगार जीत दिलाई।
 
प्लेयर ऑफ द मैच बने शायन जहांगीर ने कहा कि यह जीत टीम के आत्मविश्वास के लिए बेहद अहम है और उन्हें अमेरिका का प्रतिनिधित्व करते हुए आईएलटी20 में खेलकर गर्व महसूस हो रहा है।