आईपीएल 2026 : दस खिलाड़ी जो दिखा सकते हैं जलवा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-03-2026
IPL 2026: Ten players who could shine
IPL 2026: Ten players who could shine

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पिछले सत्र में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरी थी तथा इस टी20 टूर्नामेंट के आगामी सत्र में भी कुछ युवा खिलाड़ी अपना जलवा दिखा सकते हैं।

पीटीआई ने सभी 10 फ्रेंचाइजी टीम में से एक ऐसे खिलाड़ी को चुना है जो अगले आठ सप्ताह में क्रिकेट जगत में सितारा बनकर उभर सकता है।
 
इस सूची में उन भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं जिन्होंने या तो अभी तक आईपीएल में पदार्पण नहीं किया है या अब तक पांच से कम मैच खेले हैं।
 
भारत में ऐसे कई क्रिकेटर हैं जो धीमी गति से बाएं हाथ से गेंदबाजी करते हैं और बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। लेकिन अमेठी में जन्मे 20 वर्षीय प्रशांत वीर की तरह रवींद्र जडेजा की जगह भरने की चुनौती का सामना कोई नहीं कर रहा है।
 
चेन्नई सुपर किंग्स ने इससे पहले युवा खिलाड़ियों पर इतना अधिक भरोसा कभी नहीं दिखाया था। इस फ्रेंचाइजी ने ट्रायल के दौरान प्रशांत वीर का खेल देखा और इस आधार पर 14.20 करोड़ रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ा।
 
प्रशांत वीर ने अब तक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (एसएमएटी) में केवल नौ मैच खेले हैं, लेकिन 6.45 की गेंदबाजी इकॉनमी रेट और 167 से अधिक के बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट के साथ उम्मीद जगा दी है कि आईपीएल के इस सत्र में वह अपनी विशेष छाप छोड़ सकते हैं।
 
औकिब नबी की उम्र 29 साल है और उन्हें युवा खिलाड़ी नहीं कहा जा सकता है लेकिन उनके प्रदर्शन पर सभी की नजर रहेगी। उनके पास घरेलू क्रिकेट का आठ साल का अच्छा खासा अनुभव है।
 
नबी ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम जम्मू कश्मीर को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 60 से अधिक विकेट लिए। उनके लिए आईपीएल काफी महत्वपूर्ण होगा क्योंकि इससे वह भारतीय टीम में जगह बनाने के दावेदार भी बन जाएंगे।
 
उन्होंने एसएमएटी में जम्मू-कश्मीर के लिए 34 टी20 मैच खेले हैं और 7.74 का इकॉनमी रेट उस खिलाड़ी के लिए अच्छा है जो ज्यादातर पावरप्ले में गेंदबाजी करता है।
 
चिंता का एकमात्र पहलू उनकी औसत गति है, जो 130 के आसपास है और अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज उन्हें निशाना बना सकते हैं।