जरूरत पड़ी तो टी20 विश्व कप में भारत दो स्पिनरों को खिलाएगा: सूर्यकुमार यादव

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-02-2026
If required, India will play two spinners in the T20 World Cup: Suryakumar Yadav
If required, India will play two spinners in the T20 World Cup: Suryakumar Yadav

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो भारत टी20 विश्व कप में दो स्पिनरों को खिलाने से संकोच नहीं करेगा ।

उन्होंने साथ ही वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव को लेकर चयन की उलझन को ‘बहुत अच्छा सिरदर्द’ बताया।
 
कुलदीप और वरुण दोनों ने टी20 विश्व कप से पहले भारत की अंतिम श्रृंखला में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज में हिस्सा लिया था। लेकिन दोनों को एक साथ केवल रायपुर में हुए दूसरे टी20 मैच में ही मौका मिला जिसमें भारत ने सात विकेट से जीत दर्ज की।
 
अमेरिका के खिलाफ टी20 विश्व कप के अपने पहले मुकाबले से पहले मीडिया से बात करते हुए सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘यह एक अतिरिक्त फायदा है कि आपके पास इतने अच्छे गेंदबाज उपलब्ध हैं। लेकिन साथ ही आपको टीम संयोजन भी देखना होता है कि किस प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ किसे खिलाया जाए। ’’
 
भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘अगर जरूरत होगी कि हम दो स्पिनर या दो कलाई के स्पिनर को खिला सकते हैं तो हम निश्चित रूप से ऐसा करेंगे। लेकिन वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव जैसे विकल्प होना हमेशा अच्छा होता है। ये दुनिया के बेहतरीन स्पिनरों में से हैं और यह एक बहुत अच्छा सिरदर्द है। ’’
 
भारतीय टीम की बल्लेबाजी क्रम में गहराई रखने की पसंद अक्सर चक्रवर्ती और कुलदीप दोनों के एक साथ खेलने में रुकावट बनती है क्योंकि जरूरत पड़ने पर दोनों ज्यादा रन नहीं बना पाते हैं।
 
सूर्यकुमार ने यह भी कहा कि टीम के पास दाएं हाथ के बल्लेबाजों की तुलना में बाएं हाथ के बल्लेबाज ज्यादा होना भी एक अच्छी परेशानी है। ईशान किशन के अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है।