आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कनाडा के खिलाफ दबाव के क्षणों में 29 गेंद में 51 रन की पारी खेल कर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को आईसीसी टी20 विश्व कप मुकाबले में जीत दिलाने वाले शोएब खान ने कहा कि वह लक्ष्य का पीछा करते समय भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का अनुसरण करने की कोशिश कर रहे थे।
बिहार के गया से ताल्लुक रखने वाले शोएब ने मैच के बाद कहा, ‘‘ जब मैं क्रीज पर आया तो स्थिति काफी मुश्किल थी उस समय 12 रन प्रति ओवर से अधिक की जरूरत थी। मैंने अपने तरीके से बल्लेबाजी का समर्थन किया।’’
कनाडा ने सात विकेट पर 150 रन बनाने के बाद 13वें ओवर में 66 रन तक यूएई के छह विकेट ले लिये थे। शोएब ने सलामी बल्लेबाज आर्यांश शर्मा (53 गेंद में नाबाद 73) के साथ 43 गेंद में 84 रन की साझेदारी टीम को जीत दिला दी।
शोएब ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में आखिरी ओवरों के विशेषज्ञ बल्लेबाज माने जाने वाले धोनी का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हमे 12-13 रन प्रति ओवर के हिसाब से रन बनाने थे । एक बार महेंद्र सिंह धोनी ने कहा था कि जब आप पिच पर होते है और दबाव बढ़ रहा होता है तो बस धैर्य और संयम बनाये रखे और मैने भी यहीं किया।’’
दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से अपना पेशेवर क्रिकेट शुरू करने वाले इस दायें हाथ के बल्लेबाज ने कहा, ‘‘ मैंने अपना बचपन बिहार के गया में बिताया है। मैंने अपना पेशेवर क्रिकेट जामिया मिलिया इस्लामिया से शुरू किया था। मैंने 2014 से तीन-चार साल के लिए उत्तर क्षेत्र के क्रिकेट में जामिया का प्रतिनिधित्व किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यहां मौके नहीं मिल पा रहे थे तो मुझे लगा कि एक मौका लेना चाहिये। मैंने पेशेवर क्रिकेट खेलना काफी देर से शुरू किया था। मैं कोविड-19 महामारी के समय साल 2021 में यूएई गया था। ’’