आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की शृंखला के लिए शनिवार को भारतीय टीम में शामिल किया गया जबकि स्पिनर कुलदीप यादव को रिलीज (टीम से हटा लेना) कर दिया गया क्योंकि इस शृंखला में तेज गेंदबाजों के अनुकूल पिचें मिलने की उम्मीद है।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बयान में कहा, ‘‘पुरुष चयन समिति ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर 2026 से वेलिंगटन में शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की शृंखला के लिए भारतीय टीम में गुरनूर बरार को शामिल किया है।’’
बयान के अनुसार, ‘‘कुलदीप यादव को भारत में जारी घरेलू क्रिकेट में खेलने के लिए टेस्ट टीम से रिलीज किया जाएगा।’’
टेस्ट टीम में चयन के बाद बरार रविवार को माउंट मोनगानुई में होने वाले पांचवें और अंतिम एकदिवसीय मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। बरार की हार्ड लेंथ से अतिरिक्त उछाल हासिल करने की क्षमता मेजबान टीम के बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है।
संभावना है कि भारत शृंखला के पहले टेस्ट में प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेगा। आकाश दीप, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा भी टीम का हिस्सा हैं।
तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों को देखते हुए कुलदीप के दो टेस्ट मैच की अंतिम एकादश में जगह बनाने की संभावना नहीं थी। ऐसे में वह एकदिवसीय शृंखला के बाद घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए भारत लौटेंगे।