आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया को पूरा भरोसा है कि आईपीएल में उनकी टीम की तरफ से खेलते हुए लोगों को एक अलग हार्दिक पंड्या नजर आएगा और उन्होंने कहा कि उनकी फ्रेंचाइजी भारत के इस स्टार ऑलराउंडर को लंबे समय तक टीम में बनाए रखना चाहती है।
पंजाब ने अपने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अदला बदली (ट्रेडिंग) करके मुंबई इंडियंस से हार्दिक को अपनी टीम में शामिल किया है।
आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े सौदे को पूरा करने के बाद वाडिया ने कहा कि टीम को अपना पहला खिताब जीतने के लिए पंड्या जैसे खिलाड़ी की जरूरत थी। उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएल में कप्तानी का भरपूर अनुभव रखने वाले हार्दिक को श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
वाडिया ने पीटीआई से कहा, ‘‘हम दोनों इस भागीदारी को लेकर बेहद गंभीर है। मेरी हार्दिक से अच्छी बातचीत हुई। वह पूरी तरह से तैयार हैं और मेरा मानना है कि यहां आपको एक अलग तरह का हार्दिक पंड्या देखने को मिलेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह अपना अनुभव हमारे साथ साझा करने को लेकर बेहद उत्सुक है। इससे हमारी टीम को मजबूती मिलेगी तथा मैदान पर श्रेयस और मैदान के बाहर रिकी (मुख्य कोच रिकी पोंटिंग) और सभी को काफी मदद मिलेगी।’’
पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस को इस सौदे को पूरा करने में लगभग एक महीने का समय लगा, जिससे अर्शदीप सिंह पांच बार की चैंपियन मुंबई से जुड़े।
वाडिया ने कहा कि कप्तान के रूप में गुजरात टाइटन्स को आईपीएल खिताब वाले हार्दिक को श्रेयस की कप्तानी में खेलने से किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।