वनडे कप्तानी में पदार्पण पर छाप छोड़ना चाहेंगे श्रेयस, भारत की निगाह श्रृंखला जीतने पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-11-2026
Shreyas looks to make an impact on his ODI captaincy debut as India eye series win
Shreyas looks to make an impact on his ODI captaincy debut as India eye series win

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
नियमित कप्तान शुभमन गिल की अनुपस्थिति में कमान संभालने वाले श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को यहां होने वाले चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में इस प्रारूप में कप्तानी के अपने पदार्पण पर विशेष छाप छोड़ना चाहेंगे जिसमें भारतीय टीम की निगाह श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी।

भारत पांच मैचों की श्रृंखला में अभी 2-0 से आगे है और टीम में कुछ बदलाव के बावजूद वह जीत का प्रबल दावेदार है। तीसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद अब न्यूजीलैंड के पास केवल श्रृंखला बराबर करने का मौका है और वह इसके लिए अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा।
 
गिल 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की श्रृंखला की तैयारी के लिए टीम से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह अय्यर भारत की कप्तानी करेंगे जो पहले दो मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। शॉर्ट पिच गेंदों के सामने उनकी कमजोरी खुलकर उजागर हो गई हैं।
 
केएल राहुल और अंशुल कंबोज भी टेस्ट श्रृंखला की तैयारी के लिए टेस्ट टीम से जुड़ गए हैं।
 
इन खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में रुतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को मौका मिलना तय है।