आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने कहा कि उसे उम्मीद है कि ईरान की राष्ट्रीय टीम को अमेरिका आने और लगभग तीन महीने में शुरू होने वाले विश्व कप में खेलने की अनुमति दी जाएगी, भले ही दोनों देशों के बीच युद्ध जारी हो।
ईरान की टीम विश्व कप के ग्रुप चरण में अपने सभी मैच अमेरिका में खेलेगी। उसकी टीम 15 जून को कैलिफोर्निया के इंगलेवुड में न्यूजीलैंड और 21 जून को बेल्जियम के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद वह 26 जून को सिएटल में मिस्र के खिलाफ ग्रुप चरण का अपना आखिरी मैच खेलेगी। विश्व कप 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में खेला जाएगा।
ईरान के फुटबाल महासंघ के अधिकारियों ने हाल ही में संकेत दिया था कि युद्ध के कारण उनके देश का विश्व कप में खेलना संदिग्ध है।
फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने कहा कि उन्होंने मंगलवार की रात को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से टूर्नामेंट की तैयारियों की स्थिति पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की। ट्रंप ने उन्हें आश्वासन दिया कि ईरान की टीम को अमेरिका आने की अनुमति दी जाएगी।
इन्फेंटिनो ने कहा, ‘‘हमने ईरान की मौजूदा स्थिति और इस तथ्य पर भी चर्चा की कि ईरान की टीम ने फीफा विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। चर्चा के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने दोहराया कि ईरान की टीम का अमेरिका में विश्व कप में भाग लेने के लिए निश्चित रूप से स्वागत है।’’