नेपाल का दौरा कर सकती है इंग्लैंड की क्रिकेट टीम

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-05-2026
England cricket team may tour Nepal
England cricket team may tour Nepal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
इंग्लैंड की क्रिकेट टीम आईसीसी के दौरा कार्यक्रम के 2027-31 के चक्र के दौरान सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए नेपाल का दौरा कर सकती है।
 
ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार भारत में टी20 विश्व कप के दौरान दोनों बोर्ड के बीच बैठक में इस पर चर्चा की गई थी।
 
रिपोर्ट में कहा गया है कि इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) भारत जैसे देश का दौरा करने से पहले नेपाल के खिलाफ उसकी धरती पर तीन मैचों की टी20 श्रृंखला खेलने पर विचार कर रहा है।
 
वेबसाइट के अनुसार, ‘‘इंग्लैंड की पुरुष टीम नेपाल का दौरा करने वाली शीर्ष स्तर की पहली अंतरराष्ट्रीय टीम बन सकती है, क्योंकि ईसीबी 2027-31 के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट चक्र में टी20 मैच की श्रृंखला की संभावना तलाश रहा है।’’
 
टी20 विश्व कप के दौरान इंग्लैंड और नेपाल पहली बार एक दूसरे के खिलाफ खेले थे। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में नेपाल ने इंग्लैंड को कड़ी चुनौती दी थी। इंग्लैंड ने यह मैच बमुश्किल चार रन से जीता था।
 
नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने कहा है कि इंग्लैंड जैसी शीर्ष स्तर की टीम का दौरा स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ी बात होगी।
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत मायने रखेगा, खासकर अगर ऑस्ट्रेलिया या इंग्लैंड की टीम नेपाल का दौरा करें। इससे विश्व क्रिकेट को पता चलेगा कि नेपाल भी क्रिकेट खेलता है और अच्छा क्रिकेट खेलता है। यह बेहद महत्वपूर्ण होगा।’’