नई दिल्ली
अगले साल 9 से 14 मार्च तक भारत में पहली बार राष्ट्रमंडल खो-खो चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 24 से अधिक देश हिस्सा लेंगे।हालांकि, अभी तक इसके लिए भारत में आयोजन स्थल तय नहीं हुआ है।
राष्ट्रमंडल खेल (Commonwealth Sports) की भारत में चैंपियनशिप की मंजूरी मिलने के बाद भारतीय खो-खो महासंघ ने आयोजन स्थल तय करने के लिए कई राज्यों से बातचीत शुरू कर दी है।
इस टूर्नामेंट में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 16-16 टीमें भाग लेंगी। यह टूर्नामेंट इस साल जनवरी में दिल्ली में आयोजित पहले खो-खो विश्व कप की तरह होगा, जिसमें 23 देशों की टीमें शामिल हुई थीं।
अहमदाबाद को हाल ही में 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के मेजबान शहर के रूप में आधिकारिक रूप से चुना गया है। ऐसे में यह भारत में पहला राष्ट्रमंडल खो-खो टूर्नामेंट होगा।खो-खो महासंघ के महासचिव उपकार सिंह विर्क ने कहा, ‘‘हम आयोजन स्थल को अंतिम रूप देने के लिए कई राज्यों से बातचीत कर रहे हैं।
2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों से पहले हमें उम्मीद है कि यह चैंपियनशिप खो-खो को दोहा एशियाई खेलों (2030), राष्ट्रमंडल खेलों (2030) और ब्रिस्बेन ओलंपिक (2032) में शामिल कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।’’