बल्लेबाज ‘हार्ड लेंथ’ के लिए पर्याप्त तैयारी नहीं कर रहे हैं : स्टेन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-04-2026
Batsmen not preparing enough for the 'hard length': Steyn
Batsmen not preparing enough for the 'hard length': Steyn

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने कहा कि वर्तमान समय में बल्लेबाज ‘हार्ड लेंथ’ (सटीक लेंथ पर की गई गेंद) के लिए पर्याप्त तैयारी नहीं कर रहे हैं तथा जोश हेज़लवुड और भुवनेश्वर कुमार ने सोमवार को यहां खेले गए आईपीएल मैच में बल्लेबाजों की यह कमजोरी उजागर कर दी।

हेज़लवुड और भुवनेश्वर ने पहले चार ओवरों में छह विकेट लेकर दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने दिल्ली को 16.3 ओवरों में 75 रन पर आउट कर दिया और नौ विकेट से आसान जीत दर्ज की।
 
स्टेन ने कहा कि बल्लेबाज अब डरते नहीं हैं, लेकिन वह हेज़लवुड, भुवनेश्वर, कगिसो रबाडा और जोफ्रा आर्चर जैसे गेंदबाजों की सही लेंथ पर की गई गेंदों का सामना करने के लिए पर्याप्त अभ्यास नहीं करते हैं।
 
स्टेन ने एक्स पर लिखा, ‘‘बल्लेबाज भुवी (भुवनेश्वर), हेज़लवुड, रबाडा और आर्चर जैसे तेज गेंदबाजों से खौफ नहीं खाते लेकिन उनके मन में डर रहता है क्योंकि वे जानते हैं कि यह दिग्गज गेंदबाज कहां गेंदबाजी करने वाले हैं लेकिन वह इसकी पर्याप्त तैयारी नहीं करते हैं। उनके पास इस तरह की गेंदों का कोई जवाब नहीं होता है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘डर तकनीकी कौशल को लेकर है। इसमें अब बदलाव करना संभव नहीं है। देखते रहिए कि ये गेंदबाज अपना दबदबा बनाए रखते हैं। इसे ‘हार्ड लेंथ’ यूं ही नहीं कहा जाता।’’
 
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हर्शल गिब्स ने स्टेन की टिप्पणी को बल्लेबाजी के नजरिए से समझाते हुए कहा कि बल्लेबाज इन गेंदबाजों के खिलाफ आगे बढ़कर आक्रामक होकर नहीं खेलते हैं जिससे उनकी लेंथ बिगाड़ सके।