सनराइजर्स की कड़ी चुनौती से पार पाकर जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगा मुंबई इंडियंस

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-04-2026
Mumbai Indians will look to overcome a tough challenge
Mumbai Indians will look to overcome a tough challenge

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को अगर अपनी किस्मत पलटनी है तो उसे शानदार फॉर्म में चल रहे सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के महत्वपूर्ण मुकाबले में खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
 
मुंबई की टीम पहले सात मैचों में पांच में हार से चार अंक लेकर नौवें स्थान पर है। उसे चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 103 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था जिससे उसका नेट रन रेट भी बिगड़ गया है।
 
मुंबई की टीम की चिंता भारत की टी20 विश्व कप विजेता टीम के चार खिलाड़ियों में शामिल कप्तान हार्दिक पंड्या (तीन विकेट और 97 रन) और सूर्यकुमार यादव (110) का खराब प्रदर्शन है।
 
तिलक वर्मा के गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आईपीएल में पहले शतक से मुंबई लगातार चार मैचों में हार का सिलसिला तोड़ने में सफल रहा था लेकिन चेन्नई से मिली करारी हार ने एक बार फिर उसके लड़खड़ाते अभियान को और भी मुश्किल में डाल दिया।
 
मुंबई इंडियंस के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है। वह अभी तक केवल दो विकेट ले पाए हैं। बुमराह बीच के ओवर और डेथ ओवरों में गेंदबाजी करते रहे हैं लेकिन पिछले दो मैच में उन्होंने गेंदबाजी की शुरुआत की क्योंकि अन्य गेंदबाज मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे थे।
 
न तो ट्रेंट बोल्ट (एक विकेट) और ना ही दीपक चाहर (एक) अपने आक्रामक तेवर दिखा पाए हैं। मुंबई के गेंदबाजों के असफल होने के कारण विरोधी टीमों ने पावरप्ले में नियंत्रण बनाया है जिससे मुंबई को नुकसान पहुंचा।