अजहरूद्दीन ने टी20 प्रारूप में गिल की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-06-2026
Azharuddin questions Gill's absence in T20 format
Azharuddin questions Gill's absence in T20 format

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन ने टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से शुभमन गिल की गैरमौजूदगी के अलावा भारतीय टीम में सरफराज खान और आकिब नबी को नहीं चुने जाने पर सवाल उठाए।

अजहरूद्दीन ने कहा कि टेस्ट और एकदिवसीय में कप्तानी की भूमिका ‘काफी अच्छी तरह’ निभाने वाले गिल को किसी प्रारूप से बाहर नहीं किया जाना चाहिए।
 
टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के उप कप्तान रहे गिल को इस साल टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था।
 
अजहरूद्दीन ने बुधवार को ‘पीटीआई’ को दिए विशेष साक्षात्कार में कहा, ‘‘गिल यह काम (टीम की कप्तानी) काफी अच्छी तरह कर रहा है। उसके व्यक्तिगत प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ है। वह सबसे अच्छे खिलाड़ियों में से एक है। मुझे नहीं पता कि उन्होंने उसे टी20 में क्यों नहीं चुना।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘वह सभी प्रारूपों के लिए काफी अच्छा खिलाड़ी है और उसे कभी किसी प्रारूप से बाहर नहीं किया जाना चाहिए।’’
 
अजहरूद्दीन ने कहा कि सरफराज और नबी दोनों को ही घरेलू क्रिकेट में उनके अच्छे प्रदर्शन का इनाम नहीं मिला है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘आकिब नबी लाल गेंद के क्रिकेट के बेहतरीन गेंदबाज हैं। वह स्विंग गेंदबाजी में माहिर हैं। मुझे उनके लिए बहुत बुरा लगता है। पिछले लगभग दो वर्षों में लगातार विकेट लेने (रणजी ट्रॉफी में 2024-25 में 44 विकेट और 2025-26 में 60 विकेट) के बावजूद नबी को टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली है। यह बहुत निराशाजनक है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘इन लड़कों ने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। हर कोई कहता है कि हमें घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए लेकिन घरेलू क्रिकेट खेलने का क्या फायदा जब उनके प्रदर्शन को पहचाना ही न जाए?’’
 
अजहररूद्दीन ने कहा, ‘‘क्या फायदा... जब उनकी उम्र निकल जाती है तब आप उन्हें खेलने का मौका देते हैं। नबी बहुत अच्छे टी20 गेंदबाज नहीं हैं इसलिए आपको यह समझना और पहचानना होगा कि वे टेस्ट क्रिकेट के लिए अच्छे हैं।’’
 
अजहरूद्दीन ने कहा कि भारत को और अधिक टेस्ट क्रिकेट खेलने की जरूरत है।