सूर्यवंशी पर सैमसन को प्राथमिकता दे सकता है एशियाई खेलों का चैंपियन भारत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-10-2026
Asian Games champions India may prefer Samson over Suryavanshi
Asian Games champions India may prefer Samson over Suryavanshi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में आत्मविश्वास के साथ उतरेगी जिसमें मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए सबसे बड़ी दुविधा संजू सैमसन और युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी में से किसी एक का चयन करने को लेकर होगी।
 
एशियाई खेलों में वीवीएस लक्ष्मण कोच थे और उन्होंने सैमसन और सूर्यवंशी दोनों को अंतिम एकादश में रखा था लेकिन अब गंभीर कोच है और ऐसे में रणनीतिक बदलाव होना तय है, भले ही दोनों कोच आठवें नंबर तक बल्लेबाजी रखने में विश्वास रखते हैं।
 
लेकिन अगर गंभीर की रणनीति को करीबी नजर से देखें तो वह सैमसन और सूर्यवंशी दोनों को एक साथ अंतिम एकादश में नहीं रखेंगे। अभिषेक शर्मा सलामी बल्लेबाज के रूप पसंद बने हुए हैं।
 
निशिन सिटी के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खराब पिचों पर लक्ष्मण ने इन तीनों बल्लेबाजों को टीम में रखा। सूर्यवंशी और विश्व के नंबर एक टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की, जबकि सैमसन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए।
 
यह फैसला पिच की स्थिति को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। लेकिन लखनऊ के एकाना स्टेडियम की पिच पर गंभीर एक बार फिर सैमसन को सलामी बल्लेबाज के रूप में वापस लाने के बारे में सोच सकते हैं, क्योंकि निचले क्रम में ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी का बैकअप मौजूद है।