एशियाई चैंपियनशिप: सम्राट राणा ने एयर पिस्टल में कांस्य और टीम ने रजत पदक जीता

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-02-2026
Asian Championships: Samrat Rana wins bronze in air pistol, team wins silver
Asian Championships: Samrat Rana wins bronze in air pistol, team wins silver

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) विश्व चैंपियन सम्राट राणा एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए और उन्हें बुधवार को यहां प्रतियोगिता के पहले दिन कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

पिछले साल काहिरा में विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले सम्राट ने क्वालीफाइंग राउंड में 581 का स्कोर बनाकर दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई और लग रहा था कि वह अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखने में सफल रहेंगे।
 
लेकिन फाइनल में यह 21 वर्षीय खिलाड़ी 221.5 का स्कोर बनाकर चीन के विश्व में नंबर एक खिलाड़ी हू काई (243.0) और कजाकिस्तान के वैलेरी रखिमज़ान (241.0) से पीछे तीसरे स्थान पर रहा।
 
आठ निशानेबाजों के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी श्रवण कुमार चौथे स्थान पर रहे।
 
भारत ने इस स्पर्धा में टीम रजत पदक जीता। भारत की तरफ से सम्राट (581), श्रवण (578) और विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता वरुण तोमर (573) ने कुल 1732 अंक बनाए।