Abhishek did batting practice in the net session before the match against Pakistan.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय टीम प्रबंधन की चिंता उस समय कम होती दिखी जब अभिषेक शर्मा ने यहां नेट सत्र में दमदार बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले अपनी फिटनेस के संकेत दिए।
नामीबिया के खिलाफ मैच से पेट में संक्रमण के कारण बाहर रहे अभिषेक ने नयी दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया था जिससे रविवार को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच में उनकी उपलब्धता पर संशय पैदा हो गया था।
बाएं हाथ के इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज ने नेट सत्र में लगभग 30 मिनट तक बिना किसी परेशानी की बल्लेबाजी की। वह इस दौरान पूरी तरह फिट नजर आए।
भारत का अभ्यास सत्र हल्की लेकिन लगातार बारिश से प्रभावित रहा और खिलाड़ियों को इंडोर अभ्यास करना पड़ा। अभिषेक ने शुरुआत में स्पिनरों कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती का सामना किया और आक्रामक अंदाज में बड़े शॉट लगाए। इसे पाकिस्तान के स्पिन आक्रमण के लिए एक संकेत माना जा रहा है जिसकी अगुवाई उस्मान तारिक कर रहे हैं।
इसके बाद उन्होंने तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी खुलकर शॉट खेले। उनके फुटवर्क में ज्यादा हलचल नहीं दिखी, लेकिन तेज हाथों और गेंद की लेंथ को भांपने की क्षमता ने इसकी भरपाई कर दी।
भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक पहले ही अभिषेक की शैली की सराहना कर चुके हैं । कोटक ने कहा था कि वह गेंद के हिसाब से शॉट खेलते है और शनिवार को अभ्यास में ऐसा ही देखने को मिला।
इससे पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी मुस्कुराते हुए संकेत दिया था कि अभिषेक मैच के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, “अगर आप चाहते हैं कि वह खेलें तो हम उन्हें कल खिलाएंगे।”