युवक का सिर मुंडवाने के बाद जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया : पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-08-2026
Youth's head shaved, garlanded with shoes and paraded through village
Youth's head shaved, garlanded with shoes and paraded through village

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उन्नाव जिले में मोबाइल फोन चोरी के आरोप में एक युवक का कथित तौर पर सिर मुंडवाने के बाद उसके गले में जूते-चप्पलों की माला डालकर गांव में घुमाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके पिता-पुत्र सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
 
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि आसीवन थाना क्षेत्र के पाठकपुर गांव में राजू और उसके बेटे राज ने 30 जुलाई को सोनू (30) पर मोबाइल फोन चोरी का आरोप लगाते हुए अपने साथी अनिल की मदद से उसके हाथ बांधकर उसका सिर मुंडवाया और आधी मूंछ काटने के साथ-साथ उसके गले में जूते-चप्पलों की माला डालकर उसे गांव में घुमाया।
 
उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।
 
बांगरमऊ के पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्ष मोदी ने बताया कि इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर राजू, उसके बेटे राज और सहयोगी अनिल को गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है।
 
उन्होंने बताया कि इस वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।