भारत की पहल के कारण विश्वभर में योग दिवस मनाया जा रहा है: प्रधानमंत्री मोदी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
Yoga Day is being celebrated across the world due to India's initiative: PM Modi
Yoga Day is being celebrated across the world due to India's initiative: PM Modi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत की पहल के कारण योग आज दुनियाभर में लोकप्रिय हो गया है और उनकी विदेश यात्राओं के दौरान लोग उनसे अक्सर योग के बारे में चर्चा करते हैं।

प्रधानमंत्री ने यहां स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) के आवासीय मुख्यालय परिसर ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग अब भारत को समझने का माध्यम बन गया है और कई शाही परिवार पूरी तरह से इसके प्रति समर्पित हैं।
 
उन्होंने कहा कि उन्हें इस शहर में योग की अद्भुत ऊर्जा का अनुभव करने का मौका मिल रहा है।
 
मोदी ने कहा कि भारत की पहल की वजह से ही पूरी दुनिया ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ मनाती है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं जिस भी देश में जाता हूं, लोग दोपहर या रात के भोजन के दौरान मुझसे योग के बारे में चर्चा करते हैं।’’
 
उन्होंने कहा कि कर्नाटक वह भूमि है जहां योग से जुड़े कई गुरुओं और विद्वानों का जन्म हुआ है। उन्होंने कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज कलाकार डॉ. राजकुमार का जिक्र करते हुए कहा कि वह भी योगाभ्यास करते थे।
 
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने डिजिटल माध्यम से ‘गोल्डन जुबली एडमिन ब्लॉक’ की आधारशिला रखी और केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यास के ऑफ-कैंपस केंद्र की शुरुआत की।