Goyal's Egypt visit: Discussions to enhance cooperation in infrastructure, manufacturing, logistics sectors
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल रविवार से मिस्र की दो दिवसीय यात्रा शुरू करेंगे। इस दौरान द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने और स्वेज नहर आर्थिक क्षेत्र, औद्योगिक विकास, विनिर्माण, बुनियादी ढांचा, बंदरगाहों तथा लॉजिस्टिक में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
मिस्र की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति भारतीय कारोबारियों को उस देश में अपनी उपस्थिति मजबूत करने और अफ्रीका, पश्चिम एशिया तथा यूरोप के बाजारों तक पहुंचने के महत्वपूर्ण अवसर देती है।
वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि दोनों पक्षों के बीच एक-दूसरे के बाजारों में उद्यमों की भागीदारी बढ़ाने, संस्थागत तंत्र को मजबूत करने, व्यापार से जुड़ी चिंताओं को दूर करने और निवेश साझेदारी को बढ़ावा देने के उपायों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
बयान में कहा गया, ''स्वेज नहर आर्थिक क्षेत्र, औद्योगिक विकास, विनिर्माण, बुनियादी ढांचा, बंदरगाहों एवं लॉजिस्टिक और क्षेत्रीय मूल्य शृंखलाओं में सहयोग के अवसरों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।''