Yamuna Expressway: 500 acres of land each proposed for Japan City and Singapore City
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने जापान सिटी और सिंगापुर सिटी के विकास को लेकर औपचारिक प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
प्राधिकरण के सीईओ आर के सिंह ने बृहस्पतिवार को एक बयान में बताया कि बुधवार 18 फरवरी को भेजे गये औपचारिक प्रस्ताव में प्राधिकरण ने प्रदेश के अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त को अवगत कराया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में प्रस्तावित जापान सिटी और सिंगापुर सिटी के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं को लेकर भूमि अधिग्रहण से संबंधित योजना तैयार कर ली गई है।
सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी की आधिकारिक प्रस्तावित जापान और सिंगापुर यात्रा के संदर्भ में प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत जापान सिटी और सिंगापुर सिटी के लिए क्षेत्र चिन्हित कर सूचना उपलब्ध कराए जाने की अपेक्षा की गई थी।
उन्होंने बताया कि इसी सिलसिले में प्राधिकरण ने सेक्टर-5ए और सेक्टर-7 को इन परियोजनाओं के लिए प्रस्तावित किया है।
सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की महायोजना के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा में सेक्टर-7 और सेक्टर-5ए बहुउद्देशीय औद्योगिक क्षेत्र के रूप में चिह्नित हैं और इन क्षेत्रों में औद्योगिक उपयोग न्यूनतम 70 प्रतिशत निर्धारित है।