आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली में होने वाले अपने प्रदर्शन में शामिल होने के लिए किसी भी राजनीतिक दल को आमंत्रित नहीं करेगी।
अब्दुल्ला ने यहां पत्रकारों से कहा, “जो भी चाहे, हमारे प्रदर्शन में शामिल हो सकता है। हम किसी के पास कटोरा लेकर समर्थन मांगने नहीं जाएंगे।”
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने घोषणा की है कि वह संसद के मानसून सत्र के पहले दिन जम्मू कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन करेगी।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, जो पार्टी के उपाध्यक्ष भी हैं, ने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
जब फारूक अब्दुल्ला से पूछा गया कि क्या नेशनल कॉन्फ्रेंस इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर एकजुटता कायम करने का प्रयास करेगी, तो उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर सभी एकजुट हैं।
जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा वापस मिलने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर अब्दुल्ला ने कहा, “मैं भगवान नहीं हूं। यह केवल अल्लाह जानता है और दिल्ली की सत्ता में बैठे लोग जानते हैं।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा बहाल कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।