जोधपुर के अस्पताल में महिला को गलत समूह का रक्त चढ़ाया, बिगड़ी सेहत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-07-2026
Woman given wrong blood group in Jodhpur hospital, her health deteriorates
Woman given wrong blood group in Jodhpur hospital, her health deteriorates

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली


 
जोधपुर के उम्मेद अस्पताल में 24 वर्षीय महिला को प्रसव के बाद कथित तौर पर गलत समूह का रक्त चढ़ा दिया गया और उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई, हालांकि बाद में चिकित्सकों ने उसकी सेहत में सुधार की बात कही।

इस चूक के कारण तबीयत बिगड़ने पर मरीज धापू भील को 13 जुलाई को महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल के आईसीयू में स्थानांतरित किया गया।
 
जोधपुर जिले के डावरा बावड़ी गांव की निवासी धापू ने 11 जुलाई को एक बेटे को जन्म दिया था। खून की कमी और प्रसव के बाद की अन्य जटिलताओं के कारण, उन्हें उसी दिन उम्मेद अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उन्हें उनके रक्त समूह ‘ओ-पॉजिटिव’ का खून चढ़ाया गया।
 
हालांकि, 12 जुलाई की रात को दूसरी बार खून चढ़ाने के दौरान उन्हें कथित तौर पर ‘बी-पॉजिटिव’ खून चढ़ा दिया गया।
 
परिजनों के मुताबिक, खून चढ़ाने के तुरंत बाद धापू को तेज कंपकंपी होने लगी और उनके ‘यूरिन कलेक्शन बैग’ में खून दिखाई दिया। इसके बाद उनकी हालत और बिगड़ती चली गई जिससे उनके गुर्दे ने काम करना बंद कर दिया, पेशाब आना बंद हो गया और रक्तस्राव शुरू हो गया।
 
हालत गंभीर होने पर धापू को एमजी अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।
 
एमजी अस्पताल के अधीक्षक फतेह सिंह ने बताया कि गलत समूह का रक्त चढ़ने के कारण मरीज के गुर्दे पर गंभीर असर पड़ा है और पेशाब आना बंद हो गया था।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मरीज का लगातार डायलिसिस किया जा रहा है और उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। वह अभी गहन निगरानी में हैं।’’
 
धापू के पति किशनराम का दावा है कि परिवार को यह बताया ही नहीं गया कि एमजी अस्पताल रेफर करने की नौबत ‘‘गलत’’ खून चढ़ाने के कारण आई।
 
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, यह चूक संभवत: इस वजह से हुई कि उम्मेद अस्पताल में भर्ती दो महिलाओं के नाम एक जैसे थे और उनके पतियों के नाम भी समान थे।