उप्र में अगले छह माह के अंदर एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे:योगी आदित्‍यनाथ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-09-2026
Will provide government jobs to over one lakh youth in UP within the next six months: Yogi Adityanath
Will provide government jobs to over one lakh youth in UP within the next six months: Yogi Adityanath

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार को विपक्षी दलों की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि अगले छह महीने के अंदर एक लाख से अधिक युवाओं को उप्र के अंदर सरकारी नौकरी दी जाएगी।
 
योगी ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर आरोप लगाते हुए यह भी दावा किया कि उसने उप्र लोकसेवा आयोग (उप्र पीएससी) के अध्यक्ष के तौर पर ऐसे व्यक्ति को नियुक्त किया था, जो उस पद के लिए योग्य नहीं था।
 
यहां उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (उप्र पीएससी) एवं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (उ प्र एसएससी) द्वारा विभिन्न विभागीय पदों पर चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने से जुड़े समारोह को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने संबोधित किया।
 
योगी ने राज्‍य के मुख्‍य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया है।