Will investigate irregularities in the purchase of food items in tribal hostels: Rajasthan government
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान सरकार ने बुधवार को कहा कि जनजातीय छात्रावासों में खाद्य सामग्री की खरीद में अनियमितता की जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने प्रश्नकाल में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रीय छात्रावासों में खाद्य सामग्री खरीद में अनियमितताओं की जानकारी मिलने पर समिति का गठन कर जांच करवाई जा रही है। समिति में वित्त सलाहकार, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, लेखा अधिकारी एवं सहायक लेखाधिकारी को शामिल किया गया है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विधायक अर्जुन सिंह बामणिया के प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा छात्रावासों को सहकारिता उपभोक्ता भण्डार से खाद्य सामग्री खरीदने के निर्देश दिये गए थे। उपभोक्ता भण्डार द्वारा दो महीने के बाद ही राशन उपलब्ध करवाने में असमर्थता जताने के बाद छात्रावासों द्वारा बाहर से राशन सामग्री की खरीद की गई।