पश्चिम बंगाल बजट: बेरोजगारों की मदद के लिए ‘भरोसा’ योजना की घोषणा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 22-06-2026
West Bengal Budget: Bharosa scheme announced to help the unemployed
West Bengal Budget: Bharosa scheme announced to help the unemployed

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने अपने बजट में राज्य के बेरोजगारों की मदद के लिए ‘भरोसा’ योजना की घोषणा की है।
 
वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने राज्य सरकार का पहला बजट पेश करते हुए सोमवार को कहा कि ‘भरोसा’ योजना के तहत एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के बेरोजगार स्नातकों को 3,000 रुपये प्रति माह मिलेंगे। अन्य पात्र बेरोजगार लोगों को 2,000 रुपये दिए जाएंगे, बशर्ते वे किसी अन्य सामाजिक कल्याण योजना के अंतर्गत शामिल न हों।
 
उन्होंने बताया कि सरकार ने वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन में भी 500 रुपये प्रति माह की वृद्धि की। स्वास्थ्य क्षेत्र में, सरकार ने आयुष्मान भारत के क्रियान्वयन के लिए 3,100 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं जिससे राज्य के लगभग सात करोड़ लोगों को कवर किए जाने की उम्मीद है।
 
मध्याह्न भोजन योजना के लिए प्रति छात्र आवंटन बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया गया है, जिसमें इस्कॉन के सहयोग से भोजन की तैयारी और वितरण किया जाएगा।
 
शिक्षा क्षेत्र बजट में प्रमुखता से शामिल रहा। इसमें झारग्राम में एक जनजातीय विश्वविद्यालय और दो केंद्रीय विद्यालय के साथ ही कांथी, कालियाचक और फलता में महिला विश्वविद्यालय शामिल हैं। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेज के छात्रों के लिए 25,000 रुपये का एकमुश्त अनुदान देने का प्रस्ताव शामिल है।
 
सरकार ने उत्तर बंगाल में एक भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और एक भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) की स्थापना को सुगम बनाने तथा राज्य स्तर पर कृत्रिम मेधा मिशन शुरू करने की योजना की भी घोषणा की।