पश्चिम एशिया संकट: कोलकाता हवाई अड्डे पर 10 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-03-2026
West Asia crisis: 10 international flights cancelled at Kolkata airport
West Asia crisis: 10 international flights cancelled at Kolkata airport

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच मंगलवार को यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कम से कम 10 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
अधिकारियों के अनुसार, एमिरेट्स, कतर एयरवेज, एतिहाद एयरवेज और एयर अरबिया ने कोलकाता से पश्चिम एशिया के गंतव्यों को जोड़ने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर दीं।
 
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, “आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुल पांच प्रस्थान और पांच आगमन उड़ानें रद्द की गई हैं।”
 
हवाई अड्डा प्राधिकरण द्वारा साझा विवरण के अनुसार, एमिरेट्स ने दुबई मार्ग पर दो आगमन और दो प्रस्थान उड़ानें रद्द कीं, जबकि कतर एयरवेज ने दोहा के लिए एक आगमन और एक प्रस्थान उड़ान स्थगित की। एतिहाद एयरवेज ने अबू धाबी मार्ग पर एक आगमन और एक प्रस्थान उड़ान निरस्त की, जबकि एयर अरबिया ने अबू धाबी क्षेत्र में एक आगमन और एक प्रस्थान उड़ान रद्द की।
 
इन उड़ानों को रद्द किए जाने से एक दिन पहले सोमवार को भी कोलकाता हवाई अड्डे पर कम से कम 20 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें स्थगित की गई थीं।
 
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि ईरान और अमेरिका-इज़राइल के बीच सैन्य संघर्ष के चलते विमानन कंपनियां अपनी समय-सारिणी में लगातार बदलाव कर रही हैं, जिससे कुछ हवाई अड्डों और वायु मार्गों पर प्रभाव पड़ा है।
 
उन्होंने कहा कि दुबई, दोहा और अबू धाबी जैसे गंतव्यों के लिए कोलकाता से आने-जाने वाली कई उड़ानें अल्प सूचना पर रद्द कर दी गईं, जिससे अनेक यात्री हवाई अड्डे पर फंस गए। यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले संबंधित विमानन कंपनी से अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।