West Asia crisis: Government discusses measures to increase production of induction
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच इंडक्शन हीटर और उससे संबंधित बर्तनों की बढ़ती मांग को देखते हुए इनके उत्पादन को बढ़ाने के उपायों पर शुक्रवार को चर्चा की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
संकट के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर तेल व गैस ले जाने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इससे रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है और लोग तेजी से इंडक्शन हीटर व बर्तन खरीद रहे हैं।
यह बैठक वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में हुई। इसमें ऊर्जा सचिव, विदेश व्यापार महानिदेशक (डीजीएफटी) और उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमने इस पर चर्चा की कि इंडक्शन हीटर और उससे जुड़े बर्तनों (जैसे इंडक्शन कुकर के बर्तन) का उत्पादन किस तरह तेजी से बढ़ाया जा सकता है।’’
उन्होंने कहा कि इन उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है और बाजार में ये तेजी से बिक रहे हैं।
अधिकारी ने साथ ही बताया कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान देश के निर्यात में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि वस्तुओं व सेवाओं दोनों के निर्यात में बढ़ोतरी हुई है। वाणिज्य मंत्रालय इसके अंतिम आंकड़े 15 अप्रैल को जारी करेगा।