We will rectify the deficiencies pointed out by FSSAI in the Sabarimala Prasad manufacturing unit: TDB
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) ने केरल उच्च न्यायालय को बताया कि वह भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा शबरिमला में प्रसाद बनाने वाली इकाई के निरीक्षण के दौरान पाई गई सफाई, स्वच्छता, कीट नियंत्रण एवं भंडारण संबंधी कमियों को दूर करने के लिए कदम उठाएगा तथा यह सुनिश्चित करेगा कि जरूरी मानक धीरे-धीरे हासिल कर लिए जाएं।
एफएसएसएआई के निरीक्षण में शबरिमला की प्रसाद उत्पादन इकाई में सफाई और स्वच्छता, कीट नियंत्रण तथा भंडारण व्यवस्था समेत अन्य कमियां पाई गई थीं।
एफएसएसएआई द्वारा इस साल अगस्त में प्रतिष्ठान के दो निरीक्षणों के बाद सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया कि प्रसाद उत्पादन इकाई को अधिकतम 182 में से 91 अंक मिले और परिणाम को ‘‘अनुपालन नहीं’’ (नॉन-कम्प्लायंस) के रूप में दर्ज किया गया।
न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन वी और न्यायमूर्ति के. वी. जयकुमार की पीठ ने कहा कि आकलन में सुधारात्मक कार्रवाई और उसके बाद सत्यापन की जरूरत वाले विशेष क्षेत्रों की पहचान की गई है।
पीठ ने कहा, ‘‘यह बताया गया है कि निरीक्षण के दौरान एफएसएसएआई ने उन क्षेत्रों की पहचान की, जहां आगे सुधार और सुधारात्मक कार्रवाई की जरूरत थी। इनमें विशेष रूप से परिसर, रखरखाव और डिजाइन, कीट नियंत्रण, भंडारण व्यवस्था, सफाई और स्वच्छता, उपकरणों का रखरखाव, दस्तावेज और रिकॉर्ड रखने, खाद्य पदार्थ संभालने वाले कर्मचारियों का प्रशिक्षण तथा ऑडिट संबंधी आवश्यकताएं शामिल हैं।’’