We are keeping an eye on the situation in West Asia, safety of Kannadigas is our top priority: Siddaramaiah
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोमवार को कहा कि पश्चिम एशिया में हाल में तनाव बढ़ने के बाद उत्पन्न स्थिति पर वह बारीकी से नजर रख रहे हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि विदेश में रहने वाले कन्नड़ लोगों की सुरक्षा और भलाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सिद्धरमैया ने 'एक्स' पर कहा कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार, हवाई क्षेत्र में व्यवधान और उड़ानें रद्द होने के कारण लगभग 100 कन्नड़ लोग संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) में और नौ लोग बहरीन में फंसे हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम इन बातों की पुष्टि करने और सहायता प्रदान करने के लिए लगातार संपर्क में हैं।’’
अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री ने खाड़ी क्षेत्र में स्थित भारतीय दूतावासों के हेल्पलाइन नंबर साझा करते हुए कहा, ‘‘पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में हाल में तनाव बढ़ने के बाद उत्पन्न स्थिति पर मैं बारीकी से नजर रख रहा हूं। विदेश में रहने वाले प्रत्येक कन्नड़ व्यक्ति की सुरक्षा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) और सभी जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) को चौबीसों घंटों के लिए सक्रिय कर दिया गया है।