खुदरा निवेशकों के हितों की रक्षा, निवेशक धोखाधड़ी रोकने को निगरानी बढ़ा रहा सेबी: पांडेय

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 02-03-2026
Sebi stepping up surveillance to protect retail investors' interests, prevent investor fraud: Pandey
Sebi stepping up surveillance to protect retail investors' interests, prevent investor fraud: Pandey

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने कहा है कि खुदरा निवेशकों के हितों की रक्षा और निवेशकों के साथ धोखाधड़ी को रोकने के लिए नियामक प्रौद्योगिकी आधारित निगरानी व्यवस्था को मजबूत बना रहा है। इस पहल का मकसद निवेश से पहले ही घोटालों पर अंकुश लगाना है जिसके तहत निवेशकों के पंजीकृत मध्यस्थों से संपर्क करने से पहले ही कोष की हेराफेरी हो जाती है।
 
एक मार्च को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) प्रमुख के रूप में एक वर्ष पूरा करने वाले पांडेय ने कहा कि कई नए और इच्छुक निवेशक फर्जी ट्रेडिंग ऐप, व्हाट्सएप समूहों और उच्च प्रतिफल के वादों से गुमराह हो रहे हैं और अक्सर सेबी-विनियमित मध्यस्थों के साथ किसी भी तरह के संपर्क से बहुत पहले ही अपना धन धोखेबाजों के निजी खातों में स्थानांतरित कर रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि खासकर देश के बढ़ते खुदरा निवेशक आधार को देखते हुए निवेशकों की सतर्कता केवल जागरूकता तक सीमित न रहकर, सोच-समझकर कदम उठाने में तब्दील होनी चाहिए।