मादक पदार्थ तस्करी मामले का वांछित अबू धाबी से केरलम लाया गया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-10-2026
Wanted in drug trafficking case brought to Kerala from Abu Dhabi
Wanted in drug trafficking case brought to Kerala from Abu Dhabi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केरलम के आबकारी आयुक्त सीराम सांबाशिव राव ने शनिवार को कहा कि आबकारी विभाग के इतिहास में पहली बार मादक पदार्थ जब्ती से जुड़े 2023 के मामले में एक आरोपी को विदेश से प्रत्यर्पित किया गया है।
 
तिरुवनंतपुरम में वर्ष 2023 में दर्ज मादक पदार्थ जब्ती से जुड़े मामले के आठवें आरोपी शॉन सुनील ब्रेट (24) को अबू धाबी से लाया गया। वह यहां के अत्तिप्रा का निवासी है।
 
राव ने संवाददाताओं को बताया कि यह मामला 2023 में पुलिमाथ के पास नेट्टा चौराहे पर मादक पदार्थों की जब्ती से संबंधित है। उस समय अधिकारियों ने करीब 155 किलोग्राम गांजा और 70 ग्राम एमडीएमए जब्त किया था।
 
आयुक्त ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बाद में इसकी जांच आबकारी अपराध शाखा को सौंप दी गई थी।
 
जांच के दौरान अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि ब्रेट फरार हो गया और देश छोड़कर चला गया।
 
राव ने बताया कि उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया गया था।
 
उन्होंने कहा, ‘‘ यह पहली बार है जब हम मादक पदार्थों से जुड़े मामले में किसी आरोपी को दूसरे देश से वापस ला रहे हैं। आबकारी विभाग की इस तरह की यह पहली कार्रवाई है।’’
 
उन्होंने बताया कि ब्रेट को गिरफ्तारी से बचने में मदद कर रहे व्यक्ति की पहचान करने और उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।