आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के चौथे एवं अंतिम चरण में शनिवार को मतदान जारी है और शुरुआती तीन घंटे में 15.81 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
अधिकारियों ने बताया कि 25 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान का चौथा और अंतिम चरण सुबह सात बजे शुरू हुआ और पूर्वाह्न दस बजे तक कुल 15.81 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान हनुमानगढ़ की संगरिया पंचायत समिति में सबसे अधिक 22.41 प्रतिशत और ब्यावर की बदनोर पंचायत समिति में सबसे कम 8.12 प्रतिशत मतदान हुआ।
कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी के कारण मतदान प्रक्रिया में देरी होने की भी खबरें हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस चरण में 25 जिलों की कुल 2,524 सीटों के लिए 8,843 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इस चरण में 382 जिला परिषद वार्ड और 2,142 पंचायत समिति वार्ड में मतदान हो रहा है। जिला परिषद की सीटों के लिए 1,322 उम्मीदवार और पंचायत समिति की सीटों के लिए 7,521 उम्मीदवार मैदान में हैं।