महत्वपूर्ण सुराग मिले, कुलगाम हमले में शामिल आतंकियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी: सीआरपीएफ अधिकारी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-11-2026
Vital clues found, operation underway to nab terrorists involved in Kulgam attack: CRPF official
Vital clues found, operation underway to nab terrorists involved in Kulgam attack: CRPF official

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में पिछले सप्ताह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की चौकी पर हुए हमले में शामिल आतंकवादियों की पहचान को लेकर सुरक्षा बलों को अहम सुराग मिले हैं और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। अर्द्धसैनिक बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सीआरपीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी), जम्मू कश्मीर जोन, संदीप खीरवार ने यहां एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘हमारा अभियान जारी है। कुछ निश्चित कारणों से मैं अभियान से जुड़ी जानकारी साझा नहीं कर सकता।’’
 
कुलगाम के मीर बाजार के पास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक जांच चौकी पर 11 नवंबर को भारी हथियारों से लैस दो आतंकवादियों ने गोलीबारी की जिसमें तीन जवान घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है। बाद में आतंकवादी जंगल में गायब हो गए।
 
खीरवार ने कहा, ‘‘एक चुनौती सामने आई; हमारे जवानों पर हमला करने की कोशिश की गई, हालांकि भगवान का शुक्र है कि उन्हें ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। हमने अपनी सतर्कता बढ़ा दी है और साथ ही हम इस हमले के पीछे जो भी लोग हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। हम उन्हें न्याय के कटघरे में लाएंगे।”