तिहाड़ जेल से कैदियों के फरार होने की घटनाओं पर सुनील गुप्ता की नयी पुस्तक ‘रेड अलर्ट’

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-11-2026
Sunil Gupta's new book 'Red Alert' on the incidents of prisoners escaping from Tihar Jail
Sunil Gupta's new book 'Red Alert' on the incidents of prisoners escaping from Tihar Jail

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
तिहाड़ जेल में दी गई मौत की कुछ सबसे चर्चित सजाओं का विवरण देने वाली अपनी बहुचर्चित पुस्तक ‘ब्लैक वारंट’ की सफलता के बाद लेखक सुनील गुप्ता अपनी नयी पुस्तक ‘रेड अलर्ट : फेमस जेलब्रेक्स ऑफ तिहाड़’ में जेल के इतिहास के एक और पहलू को सामने ला रहे हैं।
 
‘ब्लैक वारंट’ सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तकों में शामिल रही थी और इस पर आधारित वेब सीरीज भी काफी लोकप्रिय हुई थी।
 
पत्रकार समन्वय राउत्रे के साथ मिलकर लिखी गई गुप्ता की नयी पुस्तक का प्रकाशन ‘हैचेट इंडिया’ ने किया है और यह 19 नवंबर को जारी होगी।
 
जेल व्यवस्था में दशकों तक काम करने के गुप्ता के अनुभवों पर आधारित ‘रेड अलर्ट’ में तिहाड़ जेल से कैदियों के फरार होने की कुछ सबसे दुस्साहसिक घटनाओं और इसके बाद उन्हें पकड़ने के लिए चलाए गए व्यापक अभियानों का विवरण दिया गया है।
 
पुस्तक में जेल से फरार होने की कई असाधारण घटनाओं का उल्लेख है। इनमें उम्रकैद की सजा काट रहे 13 कैदियों के फरार होने की घटना भी शामिल है, जिन्होंने कथित तौर पर कई सप्ताह तक जेल के नीचे 125 फुट लंबी सुरंग खोदी और फिर एक रात फरार हो गए।
 
पुस्तक में कुख्यात ‘सीरियल किलर’ चार्ल्स शोभराज के नाटकीय ढंग से फरार होने की घटना का भी जिक्र है। शोभराज ने जेल के सुरक्षाकर्मियों और साथी कैदियों को नशीला पदार्थ दिया, एक व्यक्ति को बंधक बनाया और कड़ी सुरक्षा वाली जेल से बाहर निकलने में सफल रहा।
 
पुस्तक के परिचय में तिहाड़ जेल से फरार होने की एक अन्य घटना का उल्लेख करते हुए लिखा गया है, ‘‘डकैत से नेता बनीं ‘बैंडिट क्वीन’ फूलन देवी की हत्या का दोषी शेर सिंह राणा इतने बेधड़क तरीके से फरार हुआ कि तिहाड़ जेल प्रशासन को अपनी सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव करने पड़े।’’