आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) राउरकेला ने एक ऐसी प्रौद्योगिकी के लिए पेटेंट हासिल किया है, जो इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों को अधिक सक्षम बना सकती है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारत और दुनिया भर में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की खरीद में काफी वृद्धि हुई है, जिसके चलते वाहन चार्जिंग स्टेशनों की मांग भी बढ़ गई है। हालाँकि, बुनियादी ढांचे के विकास के अलावा, कई ऐसी डिजाइन संबंधी चुनौतियां भी हैं जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
एनआईटी राउरकेला के प्रोफेसर पीके राय के अनुसार, संस्थान ने सौर ऊर्जा से संचालित एक ‘ईवी चार्जिंग माइक्रोग्रिड’ डिजाइन की है, जिसमें सौर पैनल, पारंपरिक बिजली ग्रिड और बैटरी तथा ‘सुपरकैपेसिटर’ को मिलाकर तैयार की गई एक विशेष ऊर्जा भंडारण प्रणाली भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि पेटेंट से संबंधित प्रणाली ईवी चार्जिंग स्टेशनों को अधिक सक्षम बनाने का काम करेगी।