Valmik Karad's son's arms license cancelled after he threatened to kill him with a gun
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के बीड जिला प्रशासन ने विवादों में रहे नेता वाल्मीक कराड के बेटे सुशील कराड का शस्त्र लाइसेंस रद्द कर दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई एक व्यक्ति को कथित तौर पर बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में सुशील कराड के खिलाफ मामला दर्ज होने के कुछ दिनों बाद की गई है।
जिलाधिकारी विवेक जॉनसन ने 30 अक्टूबर को कराड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने और हथियार के साथ उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शस्त्र अधिनियम, 1959 की धारा 17 के तहत यह आदेश जारी किया।
अधिकारियों के अनुसार, जिलाधिकारी कार्यालय ने 2020 में सुशील कराड को शस्त्र लाइसेंस जारी किया था। हाल में एक महिला की शिकायत के आधार पर परली शहर थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सुशील ने उसके पति के साथ मारपीट की, बंदूक लहराई और जान से मारने की धमकी दी।
जिलाधिकारी ने अपने आदेश में कहा कि सार्वजनिक रूप से हथियार का प्रदर्शन करना लाइसेंस की शर्तों और नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
आदेश में कहा गया है कि इस तरह की हरकतों से नागरिकों में भय का माहौल पैदा होता है, सार्वजनिक शांति और सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न होता है और हथियार के संभावित दुरुपयोग की आशंका बढ़ जाती है।