आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मेकेदातु में कावेरी नदी पर बांध निर्माण के कर्नाटक के प्रस्ताव पर एक समीक्षा बैठक की। इस परियोजना का तमिलनाडु विरोध कर रहा है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि यह बैठक परियोजना के लिए प्रस्तावित “भूमि पूजन” की पृष्ठभूमि में आयोजित की गई।
इसमें कहा गया है, “तमिलनाडु के अधिकारों को स्थापित करने और किसानों के हितों की रक्षा करने के लिए विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी।”
विज्ञप्ति में कहा गया कि बैठक में संबंधित मामलों पर चर्चा की गई। उच्चतम न्यायालय ने पहले के उस फैसले के खिलाफ तमिलनाडु की पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी थी, जिसमें कहा गया था कि उच्चतम न्यायालय के कानूनी दायरे पर केवल केंद्रीय विशेषज्ञ ही निर्णय ले सकते हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है, “मुख्यमंत्री ने उपरोक्त अदालती फैसले को ध्यान में रखते हुए विस्तृत परामर्श के बाद कानूनी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।”
कर्नाटक सरकार कावेरी नदी पर मेकेदातु में एक संतुलन जलाशय बनाने की योजना बना रही है, जिसका उद्देश्य पेयजल और बिजली उत्पादन दोनों उद्देश्यों को पूरा करना है।
तमिलनाडु नदी के निचले हिस्से में स्थित एक राज्य है और उसका कहना है कि यदि यह परियोजना साकार होती है तो वह प्रभावित होगा।
मंत्री एन आनंद, आधव अर्जुन और आर निर्मलकुमार के अलावा महाधिवक्ता विजय नारायण भी बैठक में उपस्थित थे।