आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका के रक्षा मंत्रालय ने अपने अधीन आने वाले सैन्य समाचार पत्र ‘स्टार्स एंड स्ट्राइप्स’ की संपादकीय स्वतंत्रता में किसी भी तरह के हस्तक्षेप का सार्वजनिक रूप से विरोध करने के बाद उसके प्रधान संपादक और एक वरिष्ठ पत्रकार को अनुशासनहीनता के आरोप में शुक्रवार को बर्खास्त कर दिया।
यह समाचार पत्र लंबे समय से अपनी संपादकीय स्वतंत्रता के लिए जाना जाता रहा है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय ‘पेंटागन’ ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब अमेरिकी प्रशासन का समाचार मीडिया के प्रति रुख लगातार अधिक आक्रामक होता जा रहा है।
समाचार पत्र के प्रकाशक को भी बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने कुछ दिन पहले ही इस साल सितंबर में सेवानिवृत्त होने की घोषणा की थी।
पेंटागन से आंशिक वित्तीय सहायता पाने वाले सैन्य समाचार पत्र के प्रधान संपादक एरिक स्लाविन ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा कि उन्हें उस साक्षात्कार के बाद अनुशासनहीनता के आरोप में बर्खास्त कर दिया गया जिसमें उन्होंने अमेरिकी सेना द्वारा संभावित सेंसरशिप का विरोध किया था।