आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ओडिशा विधानसभा के मानसून सत्र में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन हंगामा हुआ और विपक्षी दलों ने हाल ही में संसद से पारित संशोधित खनन कानून को वापस लेने की मांग की। इस दौरान विपक्षी पार्टी बीजू जनती दल (बीजद) और कांग्रेस के विधायकों ने काले गमछे पहनकर सदन में नारेबाजी की।
हंगामे के बीच प्रश्नकाल शुरू होने के महज चार मिनट बाद ही सदन की कार्यवाही शाम चार बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
संसद द्वारा अगस्त में पारित संशोधित खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत केंद्र सरकार कानून में निर्धारित मानकों के अनुसार खनिज भंडार वाली खनिजयुक्त भूमि के विनियमन को अपने नियंत्रण में लेना चाहती है।
ओडिशा में विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि यह कानून “खनिज संपदा से समृद्ध राज्यों के अधिकार छीनता है” और उनकी वित्तीय स्वायत्तता को कमजोर करता है।