उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां का हरिद्वार में हुआ अंतिम संस्कार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-11-2026
UP Chief Minister Yogi Adityanath's mother cremated in Haridwar
UP Chief Minister Yogi Adityanath's mother cremated in Haridwar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को यहां अंतिम संस्कार किया गया।

सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में लंबी बीमारी के बाद पौड़ी जिले में स्थित पंचूर गांव में निधन हो गया था। पंचूर, आदित्यनाथ का पैतृक गांव है।
 
यहां गंगा तट पर चंडीघाट क्षेत्र में नमामि गंगे घाट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई सावित्री देवी की अंत्येष्टि के दौरान आदित्यनाथ, उनके परिजन और गांव के लोगों समेत बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद रहे। योगी के सबसे छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने मां की चिता को मुखाग्नि दी।
 
अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया पूर्ण वैदिक विधि विधान के साथ योगगुरु स्वामी रामदेव और उनके करीबी आचार्य बालकृष्ण ने ब्राह्मणों के साथ मिलकर सम्पन्न कराई।
 
इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी, भाजपा सांसद रवि किशन सहित उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की अनेक राजनीतिक हस्तियों के साथ ही योगगुरु बाबा रामदेव, परमार्थ निकेतन के प्रमुख चिदानंद सरस्वती, और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी समेत विभिन्न अखाड़ों के साधु संत भी इस दौरान मौजूद रहे।
 
नमामि गंगे घाट पर कड़े सुरक्षा इंतजाम के बावजूद भीड़ का दबाव बढ़ने पर पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी खुद व्यवस्था संभालने के लिए लोगों के बीच पहुंच गए और भीड़ को व्यवस्थित कर रास्ता बनवाते दिखे।