बिहार अब घोटालों और अपराध के बजाय विकास के लिए जाना जाता है : प्रधानमंत्री मोदी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-11-2026
Bihar is now known for development rather than scams and crime: PM Modi
Bihar is now known for development rather than scams and crime: PM Modi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को बिहार में विपक्षी राजद-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासन में राज्य अब घोटालों और अपराधों के बजाय विकास तथा निवेश के लिए सुर्खियों में रहता है।
 
मोदी ने राज्य की राजधानी से करीब 50 किलोमीटर दूर वैशाली जिले के जफरपट्टी में एक रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस दौरान उन्होंने गंगा पर बने ‘नीतीश सेतु’ सहित 34,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं।
 
प्रधानमंत्री ने संक्षिप्त भाषण देते हुए कहा कि उनके पास समय कम है और उन्हें पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश भी जाना है।
 
मोदी ने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष (नीतीश कुमार) के नाम पर इस पुल का नाम रखा गया है, जो बिहार में उनके योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
 
नीतीश कुमार ने अप्रैल में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के गठन का रास्ता साफ करने के लिए मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था।
 
मोदी ने कहा, ‘‘राजग के सत्ता में आने के बाद राज्य ने लंबा सफर तय किया है। पहले केवल घोटालों और अपराधों की चर्चा होती थी। अब बिहार निवेश प्रस्तावों और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में रहता है।’’
 
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में आयोजित इस रैली में मोदी ने उनके दिवंगत पिता रामविलास पासवान के योगदान को भी याद किया।