Sufism in Bihar: Learn from a young author about the centuries-old Sufi tradition, the history of khanqahs and dargahs.
अर्सला खान/नई दिल्ली
बिहार की पहचान केवल अपने प्राचीन इतिहास, शिक्षा और बौद्ध विरासत तक सीमित नहीं है। यह धरती सदियों से सूफ़ी संतों, ख़ानक़ाहों, दरगाहों और आध्यात्मिक परंपराओं का भी महत्वपूर्ण केंद्र रही है। यहां सूफ़ी संतों ने प्रेम, इंसानियत, आत्मशुद्धि, सेवा और नैतिक जीवन का संदेश दिया। मनेर शरीफ़ से लेकर बिहारशरीफ़ की बड़ी दरगाह, राजगीर की आध्यात्मिक स्मृतियों और जहानाबाद के काको स्थित हज़रत बीबी कमाल की दरगाह तक, बिहार का सूफ़ी इतिहास अनेक महत्वपूर्ण अध्यायों से मिलकर बना है।
बिहार में सूफ़ीवाद के इतिहास और उसके सामाजिक-सांस्कृतिक प्रभाव को समझने की एक महत्वपूर्ण कोशिश एथनोग्राफर, लेखक एवं इतिहासकार सय्यद अमजद हुसैन ने अपनी पुस्तक 'बिहार और सूफ़ीवाद' (Bihar Aur Sufivad) के माध्यम से की है। आवाज़ द वॉयस से बातचीत में उन्होंने बताया कि बिहार और सूफ़ीवाद का रिश्ता कितना पुराना है, यहां विभिन्न सूफ़ी सिलसिलों का विकास कैसे हुआ और किस तरह इस प्रदेश ने भारतीय सूफ़ी परंपरा को समृद्ध किया।
बिहार में सूफ़ीवाद की शुरुआती कड़ियां
बिहार में सूफ़ीवाद के शुरुआती इतिहास की चर्चा करते समय मनेर शरीफ़ का उल्लेख विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। पटना के निकट स्थित मनेर मध्यकाल में धार्मिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बना। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की मनेर उत्खनन रिपोर्ट के अनुसार, मनेर का इतिहास इस्लामी शासन से भी पहले का है। यहां से प्राप्त ताम्रपत्रों में 1126 ईस्वी और 1175 ईस्वी के उल्लेख मिलते हैं। इनसे स्पष्ट होता है कि मनेर उस समय भी एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थान था। रिपोर्ट में अरब के एक संत 'अहिया' से संबंधित स्थानीय परंपरा का भी उल्लेख है, हालांकि अमजद बताते हैं कि मनेर के प्रारंभिक धार्मिक इतिहास के कई पहलू अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। बिहार की सूफ़ी परंपरा से संबंधित प्रचलित ऐतिहासिक विवरणों में इमाम मुहम्मद ताज फकीह हाशमी और मोमिन आरिफ जैसे नामों का उल्लेख मिलता है। कुछ विवरण 1180 ईस्वी को इमाम मुहम्मद ताज फकीह के मनेर आगमन से भी जोड़ते हैं। हालांकि, अमजद कहते हैं, इस तारीख़ को बिहार में सूफ़ीवाद की निर्विवाद शुरुआत मानने के बजाय ऐतिहासिक परंपरा के रूप में देखना अधिक उचित है।

इतिहासकार सय्यद अमजद हुसैन
इमाम मुहम्मद ताज फकीह का नाम मनेर के पुराने सूफ़ी परिवारों और उनकी आध्यात्मिक परंपरा के संदर्भ में महत्वपूर्ण है। बाद की पीढ़ियों में शैख़ कमालुद्दीन यहया मनेरी और उनके परिवार ने इस क्षेत्र की सूफ़ी पहचान को आगे बढ़ाया। समय के साथ मनेर में ख़ानक़ाही व्यवस्था विकसित हुई। ये ख़ानक़ाहें केवल इबादत और आध्यात्मिक साधना के स्थान नहीं थीं, बल्कि धार्मिक शिक्षा, मेहमाननवाज़ी, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक संपर्क के भी केंद्र बनीं।
बिहार में सूफ़ी सिलसिलों का विकास
सूफ़ी परंपरा में 'सिलसिला' का अर्थ आध्यात्मिक गुरु और उनके शिष्यों के बीच चली आ रही आध्यात्मिक परंपरा या गुरु-शिष्य संबंध की कड़ी से है। भारत में विभिन्न सूफ़ी सिलसिलों ने अपनी शिक्षाओं, आध्यात्मिक साधना और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से सूफ़ी विचारधारा का विस्तार किया। बिहार में भी कई सिलसिलों का प्रभाव रहा है।
1. सुहरावर्दी सिलसिला: बिहार में शुरुआती सूफ़ी परंपराओं और ख़ानक़ाही व्यवस्था के विकास में इस सिलसिले का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जेठुली, मनेर और उसके आसपास की सूफ़ी परंपराओं को समझने में इसकी विशेष भूमिका है।
2. चिश्ती सिलसिला: प्रेम, विनम्रता, सेवा, आध्यात्मिक साधना और इंसानियत पर जोर देने वाली इस परंपरा ने भारतीय उपमहाद्वीप में व्यापक लोकप्रियता हासिल की। बिहार में भी इसके विभिन्न केंद्र और आध्यात्मिक संबंध विकसित हुए।
3. फिरदौसी सिलसिला: बिहार के सूफ़ी इतिहास में इसका विशेष स्थान है। हज़रत मख़दूम शैख़ शरफ़ुद्दीन अहमद यहया मनेरी इस सिलसिले के सबसे महत्वपूर्ण प्रतिनिधियों में गिने जाते हैं। बिहारशरीफ़ इस परंपरा का प्रमुख केंद्र बना।
4. क़ादिरी सिलसिला: इस परंपरा ने बिहार में धार्मिक शिक्षा, आध्यात्मिक प्रशिक्षण और ख़ानक़ाही गतिविधियों को आगे बढ़ाया। औरंगाबाद के अमझर शरीफ़ की ख़ानक़ाह मुहम्मदिया इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है।
5. नक़्शबंदी और शत्तारी सिलसिले: इन परंपराओं का भी बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक और आध्यात्मिक जीवन पर प्रभाव रहा। बिहार में शत्तारी सिलसिले के संत हज़रत शाह काजिन बिन उला हुए हैं।
इन सिलसिलों को केवल अलग-अलग धार्मिक समूहों के रूप में नहीं, बल्कि उन व्यापक आध्यात्मिक और बौद्धिक नेटवर्कों के रूप में समझना चाहिए, जिनके माध्यम से बिहार का संपर्क भारत के दूसरे सूफ़ी केंद्रों से भी स्थापित हुआ।
बिहार के सूफ़ी इतिहास के प्रमुख नाम
बिहार के सूफ़ी इतिहास में हज़रत मख़दूम शैख़ शरफ़ुद्दीन अहमद यहया मनेरी का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्हें मख़दूम-ए-जहां और मख़दूम-उल-मुल्क के नाम से भी जाना जाता है। उनका जन्म 13वीं सदी में मनेर शरीफ़ में हुआ था। सामान्यतः उनका जीवनकाल 1263 से 1381 ईस्वी के बीच माना जाता है।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद तत्कालीन बंगाल (अब बंगलादेश) के सोनारगांव में प्रसिद्ध विद्वान शैख़ शरफ़ुद्दीन अबू तव्वामा बुखारी से शिक्षा प्राप्त की। बाद में उन्होंने लंबा समय आध्यात्मिक साधना और चिंतन में बिताया।
राजगीर की पहाड़ियों और बिहार के अन्य क्षेत्रों से भी उनकी आध्यात्मिक गतिविधियों का संबंध रहा। जीवन के अंतिम वर्षों में बिहारशरीफ़ उनकी आध्यात्मिक और शिक्षण गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना। मख़दूम साहब ने आत्मशुद्धि, विनम्रता, ईश्वर के प्रति समर्पण, नैतिक अनुशासन और आध्यात्मिक ज्ञान पर विशेष बल दिया। उनकी शिक्षाओं में शरीअत और तरीक़त के बीच संतुलन का विचार भी महत्वपूर्ण था।
हज़रत मख़दूम शैख़ शरफ़ुद्दीन अहमद यहया मनेरी की दरगाह
उनकी प्रसिद्ध रचनाओं में 'मकतूबात-ए-सदी', 'मकतूबात-ए-बिस्त-ओ-हश्त' और 'फ़वाइद-ए-रुकनी' का उल्लेख किया जाता है। विशेष रूप से उनके आध्यात्मिक पत्र सूफ़ी साहित्य और भारतीय इस्लामी बौद्धिक परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर हैं।
बिहार के नालंदा जिले में स्थित बड़ी दरगाह उनकी मज़ार का स्थान है। यहां हर वर्ष शव्वाल के महीने में पांच दिवसीय उर्स आयोजित होता है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से जायरीन पहुंचते हैं। उनकी ख़ानक़ाही परंपरा ने बिहार में फिरदौसी सिलसिले को विशेष पहचान दिलाई।
यहां एक ऐतिहासिक अंतर समझना भी जरूरी है। मनेर शरीफ़ की बड़ी दरगाह में हज़रत शैख़ कमालुद्दीन यहया मनेरी की मज़ार है, जबकि बिहारशरीफ़ की बड़ी दरगाह हज़रत मख़दूम शैख़ शरफ़ुद्दीन अहमद यहया मनेरी की मज़ार है। दोनों को एक ही व्यक्ति समझना ऐतिहासिक भूल होगी।
बिहार की प्रमुख सूफ़ी दरगाहें और ख़ानक़ाहें
बिहार की सूफ़ी विरासत अनेक ऐतिहासिक दरगाहों, ख़ानक़ाहों और धार्मिक शिक्षा केंद्रों में सुरक्षित है। इनमें कुछ प्रमुख स्थान इस प्रकार हैं:
पटना से लगभग 25-30 किलोमीटर पश्चिम में स्थित मनेर शरीफ़ बिहार के सबसे पुराने और महत्वपूर्ण सूफ़ी केंद्रों में से एक है यहां की बड़ी दरगाह हज़रत शैख़ कमालुद्दीन यहया मनेरी से संबंधित है। ऐतिहासिक और पुरातात्विक विवरणों के अनुसार, शैख़ कमालुद्दीन यहया मनेरी का निधन 1291 ईस्वी के आसपास हुआ था। उन्हें मनेर के पुराने सूफ़ी परिवार की महत्वपूर्ण शख्सियतों में गिना जाता है। इस दरगाह परिसर में उनकी मज़ार के अलावा मस्जिद, ऐतिहासिक मकबरे और अन्य संरचनाएं मौजूद हैं। यहां की ख़ानक़ाही परंपरा ने मध्यकालीन बिहार में धार्मिक शिक्षा और आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया। मनेर शरीफ़ का महत्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है। यह बिहार की मध्यकालीन स्थापत्य कला, सूफ़ी इतिहास और सांस्कृतिक स्मृति का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मनेर शरीफ़ की छोटी दरगाह, हज़रत मख़दूम शाह दौलत मनेरी की मज़ार है। यह मुगलकालीन स्थापत्य कला का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जाती है। मख़दूम शाह दौलत का निधन 1608 ईस्वी में हुआ था। उनके मुरीद और बिहार के तत्कालीन मुगल गवर्नर इब्राहिम ख़ान ने उनकी याद में इस मकबरे का निर्माण करवाया। इसका निर्माण 1616 ईस्वी में पूरा हुआ माना जाता है।इस मकबरे की विशेषता इसकी विशाल गुम्बद, बारीक पत्थर की नक्काशी, कलात्मक सजावट और कुरआनी आयतों से सुसज्जित छत है। परिसर में इब्राहिम ख़ान द्वारा 1619 ईस्वी में बनवाई गई मस्जिद भी मौजूद है। यह स्मारक जहांगीर के शासनकाल की स्थापत्य शैली को प्रदर्शित करता है और पूर्वी भारत के उल्लेखनीय मुगलकालीन स्मारकों में गिना जाता है।
नालंदा जिले के बिहारशरीफ़ में स्थित बड़ी दरगाह हज़रत मख़दूम शैख़ शरफ़ुद्दीन अहमद यहया मनेरी की मज़ार है। मख़दूम साहब की आध्यात्मिक शिक्षाओं और फ़ारसी साहित्य में उनके योगदान के कारण यह स्थान भारतीय सूफ़ी इतिहास में विशेष महत्व रखता है। उनके नाम से जुड़ी ख़ानक़ाह लंबे समय तक धार्मिक अध्ययन, आध्यात्मिक प्रशिक्षण और सूफ़ी साहित्य के प्रसार का केंद्र रही। उनकी प्रसिद्ध पुस्तक 'मकतूबात-ए-सदी' में आध्यात्मिक जीवन, आत्मशुद्धि, नैतिकता और ईश्वर के प्रति समर्पण से संबंधित विचार मिलते हैं। आज भी इस दरगाह पर वार्षिक उर्स आयोजित होता है। देश के विभिन्न हिस्सों से जायरीन यहां पहुंचते हैं। यह स्थान बिहार की फिरदौसी सूफ़ी परंपरा की पहचान है।
पटना के फुलवारी शरीफ़ में स्थित ख़ानक़ाह मुजीबिया बिहार के प्रमुख सूफ़ी और धार्मिक शिक्षा केंद्रों में से एक है। इसका संबंध हज़रत पीर शाह मुजीबुल्लाह क़ादरी से है। उन्होंने 1714 ईस्वी में फुलवारी शरीफ़ में अपनी आध्यात्मिक और धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत की। यह ख़ानक़ाह क़ादिरी सिलसिले से संबंधित है। यहां धार्मिक शिक्षा, इस्लामी दर्शन, आध्यात्मिक प्रशिक्षण और सामाजिक-धार्मिक गतिविधियों की लंबी परंपरा रही है। ख़ानक़ाह परिसर में मस्जिद और मदरसा मौजूद हैं। इसकी शैक्षणिक और आध्यात्मिक परंपरा ने बिहार के धार्मिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
जहानाबाद जिले के काको शरीफ़ में स्थित हज़रत बीबी कमाल की दरगाह बिहार की महिला सूफ़ी परंपरा की सबसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक निशानियों में से एक है। हज़रत बीबी कमाल को बिहार की प्रसिद्ध महिला सूफ़ी संतों में गिना जाता है। उनके जीवन से जुड़ी स्थानीय परंपराओं में आध्यात्मिक साधना और उपचार से संबंधित मान्यताओं का उल्लेख मिलता है। अमजद ने उन्हें हज़रत मख़दूम शरफ़ुद्दीन अहमद यहया मनेरी की मौसी (खाला) बताया है। काको स्थित उनकी दरगाह ख़ास तौर पर किसी महिला सूफ़ी संत को समर्पित एकमात्र दरगाह है और भारत की ऐसी चुनिंदा दरगाहों में शामिल है। यहां विभिन्न समुदायों के लोग पहुंचते हैं। यह स्थान बिहार के सूफ़ी इतिहास में महिलाओं की आध्यात्मिक भूमिका को समझने के लिए विशेष महत्व रखता है।
पटना सिटी के मीतन घाट स्थित खानकाह मुनीमिया भी बिहार की सूफ़ी विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मुगलकाल में पटना का यह क्षेत्र अज़ीमाबाद के नाम से जाना जाता था। मुगल बादशाह औरंगज़ेब के शासनकाल में शहज़ादे अजीमुश्शान ने गंगा नदी के किनारे एक दो मंजिला मस्जिद बनवाई थी।
इसका संबंध उनके शिक्षक हज़रत मुल्ला मीतन से बताया जाता है। अमजद के अनुसार, 18वीं सदी में पचना, शेखपुरा में जन्में हज़रत मख़दूम मुनीम पाक इस स्थान पर अपने शिष्यों को सूफ़ी शिक्षाएं दिया करते थे। इसी कारण यह स्थान आध्यात्मिक गतिविधियों का केंद्र बना।
किताब लिखने का विचार कैसे आया?
सय्यद अमजद हुसैन के अनुसार, बिहार में सूफ़ीवाद का इतिहास अत्यंत समृद्ध है, लेकिन आम लोगों के बीच इस विषय पर व्यवस्थित जानकारी अपेक्षाकृत कम उपलब्ध है। बिहार की इस आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को दस्तावेज़ों के माध्यम से सामने लाने की इच्छा ने उन्हें इस विषय पर गंभीरता से काम करने के लिए प्रेरित किया।
उनकी शोध यात्रा की शुरुआत किशोरावस्था में ही हो गई थी। लगभग 17 वर्ष की उम्र में, जब वे शेखपुरा के एस ए डी एन कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ रहे थे, तब से उन्होंने बिहार के इतिहास और अपनी क्षेत्रीय विरासत से संबंधित जानकारियां एकत्र करना शुरू कर दिया था।
उनके अनुसार, परिवार और मुहल्ले के बुजुर्गों से सुनी गई ऐतिहासिक कहानियों, पुराने स्थानों और उनसे जुड़े व्यक्तित्वों के किस्सों ने उनके भीतर इतिहास के प्रति जिज्ञासा पैदा की। बाद में जब उन्होंने बिहार के सूफ़ी इतिहास पर अलग-अलग लेख लिखने शुरू किए, तो इस दौरान फ़ारसी, उर्दू और अन्य ऐतिहासिक स्रोतों से काफी सामग्री एकत्र हुई।
उन्होंने ख़ानक़ाहों और दरगाहों का दौरा किया तथा पुराने दस्तावेज़ों और पुस्तकों का अध्ययन किया। धीरे-धीरे यह सामग्री एक विस्तृत पुस्तक का रूप लेने लगी। उनकी कोशिश थी कि बिहार में सूफ़ीवाद की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, विभिन्न सिलसिलों, प्रमुख संतों, ख़ानक़ाहों और उनके साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान को एक स्थान पर प्रस्तुत किया जाए।
'बिहार और सूफ़ीवाद' में किन विषयों पर चर्चा है?
राजमंगल प्रकाशन से अप्रैल 2025 में प्रकाशित यह पुस्तक 308 पृष्ठों की है। इसमें सात प्रमुख खंडों के माध्यम से बिहार की सूफ़ी परंपरा को ऐतिहासिक और साहित्यिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है।
पुस्तक के प्रमुख विषयों में शामिल हैं:
- इस्लाम और सूफ़ीवाद की वैचारिक एवं ऐतिहासिक पृष्ठभूमि।
- आज़ादी में भारतीय मुस्लिमों और उलेमाओं का योगदान
- विभाजन के ख़िलाफ़ सूफ़ी विचारधारा के लोगों की जानकारी
- बिहार में सूफ़ी परंपराओं की शुरुआती कड़ियां।
- इमाम मुहम्मद ताज फकीह हाशमी और मोमिन आरिफ जैसे प्रारंभिक नाम।
- क़ाज़ी सैयद शहाबुद्दीन सुहरवर्दी काशगारी का योगदान।
- सुहरावर्दी, चिश्ती, क़ादिरी, फिरदौसी और नक़्शबंदी, हुसामी, वारसी सिलसिलों का इतिहास।
- हज़रत मख़दूम शरफ़ुद्दीन अहमद यहया मनेरी, हज़रत सैयद अहमद जाजनेरी, मुफ़्ती असलम रज़वी जैसे सूफ़ी व्यक्तित्वों का परिचय।
- बिहार की प्रमुख ख़ानक़ाहों, दरगाहों और सूफ़ी स्थापत्य की विरासत।
- सूफ़ी साहित्य, ऐतिहासिक दस्तावेज़ और अमजद द्वारा लिखित कुछ मनक़बत।
पुस्तक में बिहार से जुड़े लगभग 20 सूफ़ी संतों की जीवनियों को शामिल किया गया है। इसके लिए लेखक ने फ़ारसी और उर्दू साहित्य, प्रकाशित पुस्तकों, ऐतिहासिक दस्तावेज़ों और अन्य संदर्भ सामग्रियों का उपयोग किया है।
पुस्तक की भूमिका सूफ़ी विद्वान और इतिहासकार प्रो डॉ. मुहम्मद सज्जाद आलम रिज़वी, प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय, कोलकाता द्वारा लिखी गई है। इसमें अजमेर शरीफ़ दरगाह ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ के पूर्व सज्जादानशीन के पोते और वर्तमान सज्जादानशीन के भतीजे पीरज़ादा सैयद फ़िरोज़ुल हसन चिश्ती का चिश्ती सिलसिले पर लेख भी शामिल है। पुस्तक की एक विशेषता यह है कि इसमें प्रसिद्ध सूफ़ी संतों के साथ उन व्यक्तित्वों को भी स्थान देने की कोशिश की गई है, जिनका योगदान क्षेत्रीय इतिहास में महत्वपूर्ण रहा है, लेकिन जिनके बारे में आमतौर पर कम चर्चा होती है।
कई और किताबें भी लिख चुके हैं युवा लेखक सय्यद अमजद हुसैन
सय्यद अमजद हुसैन बिहार के इतिहास, सूफ़ी विरासत और उर्दू साहित्य से जुड़े विषयों पर लगातार लेखन कर रहे हैं। उनकी पुस्तक 'अख़्तर ओरेनवी: बिहार में उर्दू साहित्य के निर्माता' बिहार के प्रसिद्ध उर्दू साहित्यकार अख़्तर ओरेनवी के जीवन, साहित्यिक योगदान और बिहार में उर्दू साहित्य के विकास में उनकी भूमिका पर केंद्रित है।
इसके अतिरिक्त उनकी पुस्तक 'द इटर्नल्स ऑफ बिहार' (The Eternals of Bihar) में बिहार से संबंधित 25 ऐसी मुस्लिम ऐतिहासिक हस्तियों का परिचय दिया गया है, जिनके जीवन और योगदान पर अपेक्षाकृत कम चर्चा हुई है। उनके लेखन का मुख्य उद्देश्य बिहार की उन ऐतिहासिक, साहित्यिक और आध्यात्मिक शख्सियतों को सामने लाना है, जिनका योगदान महत्वपूर्ण होने के बावजूद व्यापक पहचान नहीं बना पाया।
बिहार और सूफीवाद
बीबी सोगरा: बिहार की समाजसेवा और वक्फ की ऐतिहासिक विरासत
बिहार के इतिहास में बीबी सोगरा का नाम एक महत्वपूर्ण परोपकारी महिला के रूप में याद किया जाता है। उनका योगदान सूफ़ी परंपरा से अलग समाजसेवा, वक्फ और जनकल्याण के क्षेत्र से संबंधित है। बताया जाता है कि 1896 में उन्होंने अपनी विशाल संपत्ति के संबंध में वक्फनामा तैयार करवाया था।
उनकी संपत्ति बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में फैली हुई थी। इस संपत्ति को धार्मिक, शैक्षणिक और परोपकारी कार्यों के लिए समर्पित किया गया था। बीबी सोगरा की विरासत इस बात का उदाहरण है कि बिहार की मुस्लिम महिलाओं ने समाजसेवा, दान, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 'द इटर्नल्स ऑफ बिहार' में बिहार शरीफ़ की बीबी सोगरा जैसी हस्तियों का उल्लेख बिहार के इतिहास के उन पहलुओं को सामने लाने का प्रयास है, जिन्हें मुख्यधारा के ऐतिहासिक विमर्श में अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया है।
बीबी सोगरा की वक्फ की हुई जमीन
बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है सूफ़ीवाद
बिहार का सूफ़ी इतिहास केवल कुछ दरगाहों, मज़ारों और संतों की जीवनियों तक सीमित नहीं है। यह सदियों से विकसित हुई ऐसी आध्यात्मिक, साहित्यिक और सामाजिक परंपरा है, जिसने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध किया है। मनेर शरीफ़ की प्राचीन ख़ानक़ाही परंपरा, बिहारशरीफ़ की फिरदौसी विरासत, राजगीर से जुड़ी आध्यात्मिक स्मृतियां, फुलवारी शरीफ़ की ख़ानक़ाह मुजीबिया और काको की महिला सूफ़ी परंपरा, नदियावां में हिंदुओं द्वारा देखी जा रही मज़ार, सभी बिहार के इतिहास के अलग-अलग महत्वपूर्ण अध्याय हैं।
इन संस्थाओं और परंपराओं ने धार्मिक शिक्षा, आध्यात्मिक चिंतन, साहित्य, सामाजिक सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रसार में अपनी भूमिका निभाई है। सय्यद अमजद हुसैन की पहली पुस्तक 'बिहार और सूफ़ीवाद' इसी ऐतिहासिक विरासत को दस्तावेज़ों, साहित्यिक स्रोतों और शोध के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास है।
यह पुस्तक बिहार के इतिहास को देखने का एक व्यापक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है। यह याद दिलाती है कि बिहार का इतिहास केवल राजाओं, साम्राज्यों, युद्धों और प्राचीन विश्वविद्यालयों का इतिहास नहीं है, बल्कि यह सूफ़ी संतों, विद्वानों, ख़ानक़ाहों, साहित्यकारों और उन लोगों का इतिहास भी है, जिन्होंने अपनी आध्यात्मिक एवं बौद्धिक गतिविधियों से इस धरती की पहचान को समृद्ध किया। बिहार की इस विरासत को समझना दरअसल भारत की साझा ऐतिहासिक, साहित्यिक और आध्यात्मिक परंपरा को समझने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।