200 रुपये की मजदूरी से लाखों का कारोबार, अनीश मोहम्मद बने मिसाल

Story by  दयाराम वशिष्ठ | Published by  [email protected] | Date 21-11-2026
From daily wages of 200 rupees to a business worth lakhs—Anish Mohammad sets an example.
From daily wages of 200 rupees to a business worth lakhs—Anish Mohammad sets an example.

 

दयाराम वशिष्ठ / फरीदाबाद

किसी हुनर को पहचान मिलने में वक्त जरूर लगता है, लेकिन जब मेहनत और लगन साथ हों तो छोटी शुरुआत भी बड़ी कामयाबी का रास्ता खोल सकती है। बिहार के पूर्णिया जिले के बागबाना गांव के रहने वाले अनीशमोहम्मदकी कहानी इसकी एक मिसाल है। कभी वह महज 200 रुपये की दिहाड़ी पर काम करके अपने पिता का हाथ बंटाते थे। आज वही अनीश कपड़ों की आकर्षक डिजाइन, सिलाई, कढ़ाई और हस्तशिल्प कला के दम पर लाखों रुपये का कारोबार कर रहे हैं। उनकी यह कामयाबी किसी चमत्कार का नतीजा नहीं, बल्कि करीब एक दशक की मेहनत, सीखने की ललक और अपने हुनर पर भरोसे की कहानी है।

अनीशमोहम्मदके लिए इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था। उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था। पिता रहमतुल्ला गांव में खेतीबाड़ी करके परिवार का खर्च चलाते थे। मां असमातारा गृहिणी हैं। सीमित आमदनी में घर की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल होता था। उस समय अनीश छठी कक्षा में पढ़ते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए दिल्ली में रहने वाले उनके जीजा आलम ने उन्हें अपने पास बुला लिया। यह फैसला आगे चलकर अनीश की जिंदगी का अहम मोड़ साबित हुआ।

dd

दिल्ली पहुंचने के बाद अनीशमोहम्मदने अपने जीजा आलम को गुरु और उस्ताद मान लिया। उन्होंने उनके साथ रहकर कपड़ों की कटिंग, सिलाई, कढ़ाई और नए डिजाइन तैयार करने का काम सीखना शुरू किया। शुरुआत में हर काम को समझने और उसमें दक्षता हासिल करने के लिए उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी। वह केवल काम पूरा करने पर ध्यान नहीं देते थे, बल्कि यह भी समझते थे कि कपड़े की बनावट कैसी होनी चाहिए, डिजाइन किस तरह तैयार किया जाता है और ग्राहक की पसंद के मुताबिक उसमें बदलाव कैसे किया जा सकता है।

करीब एक साल की लगातार मेहनत के बाद वह इस काम की बारीकियां समझने लगे। हालांकि, उन्होंने खुद को केवल शुरुआती जानकारी तक सीमित नहीं रखा। लगभग दस साल तक मेहनत और दिहाड़ी पर काम करते हुए उन्होंने अपने अनुभव को लगातार बढ़ाया। इस दौरान उन्हें कपड़ों की अलग-अलग किस्मों, डिजाइन की तकनीक और बाजार की मांग को समझने का मौका मिला। यही अनुभव आगे चलकर उनके अपने कारोबार की बुनियाद बना।

अनीश की सोच में एक खास बात यह भी रही कि उन्होंने हुनर सीखने के साथ शिक्षा को भी महत्व दिया। उनका मानना था कि केवल अच्छा कारीगर बनना काफी नहीं है। कारोबार को समझने और आगे बढ़ाने के लिए पढ़ाई भी जरूरी है। इसी सोच के साथ उन्होंने काम करने के बावजूद अपनी शिक्षा जारी रखी और 11वीं कक्षा तक पढ़ाई की। वह जानते थे कि भविष्य में जब कारोबार का विस्तार होगा तो शिक्षा और व्यावहारिक अनुभव दोनों काम आएंगे।

उनकी मेहनत को पहली बड़ी पहचान वर्ष 2015 में मिली। उस साल उन्होंने दिल्ली के प्रगति मैदान में अपनी स्टॉल लगाई। वहां उनके तैयार किए गए डिजाइनदार कपड़ों को ग्राहकों ने खूब पसंद किया। प्रगति मैदान में मिली प्रतिक्रिया ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। उन्हें महसूस हुआ कि उनके हाथों में तैयार होने वाले उत्पादों के लिए बाजार में अच्छी जगह है। इसके बाद धीरे-धीरे उनके काम की पहचान बढ़ने लगी और ग्राहकों की मांग भी आने लगी।

अनीश ने शुरुआत में दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में छोटे स्तर पर अपना काम शुरू किया। संसाधन सीमित थे, लेकिन इरादे बड़े थे। कारोबार में धीरे-धीरे सुधार हुआ तो उन्होंने करीब पांच साल पहले संगम विहार में किराये पर अपनी वर्कशॉप स्थापित की। अब यह वर्कशॉप उनके कारोबार का प्रमुख केंद्र बन चुकी है। यहां 50 से अधिक तरह के कपड़े और डिजाइन तैयार किए जाते हैं।

उनके उत्पादों में कश्मीरी टॉप, सूट, शेरवानी, महिलाओं के कोट, जैकेट, बेडशीट और टी शर्ट सहित कई तरह के कपड़े शामिल हैं। ग्राहकों की पसंद और बाजार की मांग को ध्यान में रखकर वह नए डिजाइन तैयार करते हैं। कपड़ों की कटिंग से लेकर सिलाई और कढ़ाई तक के काम में गुणवत्ता बनाए रखने पर उनका विशेष ध्यान रहता है। यही वजह है कि उनके तैयार उत्पादों को बाजार में पसंद किया जा रहा है।

ff

गुरु से सीखा हुनर, अब खुद बन गए उस्ताद

अनीश की कहानी का एक दिलचस्प पहलू यह है कि जिस जीजा आलम से उन्होंने कभी हुनर सीखा था, आज उसी हुनर के दम पर वह खुद दूसरों को काम सिखा रहे हैं। उनके लिए यह केवल कारोबार का विस्तार नहीं, बल्कि अपने अनुभव को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का भी जरिया है। वह मानते हैं कि किसी भी कला को आगे बढ़ाने के लिए उसे दूसरों के साथ साझा करना जरूरी है। एक समय वह खुद सीखने के लिए संघर्ष कर रहे थे। आज दूसरे लोग उनसे कपड़ों की डिजाइन और हस्तशिल्प का काम सीख रहे हैं।

इस कामयाबी में उनके परिवार की भागीदारी भी बढ़ रही है। उनके दो छोटे भाई आमिर और दिलावर भी बड़े भाई से कपड़े तैयार करने और कारोबार चलाने की बारीकियां सीख रहे हैं। दोनों भाई काम में उनका हाथ बंटाते हैं और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। अनीश चाहते हैं कि परिवार के सभी सदस्य मिलकर इस काम को आगे बढ़ाएं। इससे न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि अधिक लोगों को हुनर सीखने और रोजगार पाने का अवसर भी मिल सकेगा।

dd

भारतीय हस्तशिल्प को विदेशों तक पहुंचाने का लक्ष्य

अनीश का अगला सपना अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है। वह अपने दोनों भाइयों के सहयोग से कारोबार का विस्तार करना चाहते हैं। उनकी कोशिश है कि भारतीय कपड़ों की डिजाइन और हस्तशिल्प कला को देश के साथ विदेशों में भी पहचान मिले। उनका मानना है कि अच्छे डिजाइन, बेहतर गुणवत्ता और लगातार मेहनत के सहारे छोटे स्तर पर शुरू हुआ कारोबार भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में जगह बना सकता है।

पूर्णिया के एक छोटे से गांव से दिल्ली तक का उनका सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो आर्थिक तंगी के कारण अपने सपनों को छोटा मान लेते हैं। अनीश की जिंदगी बताती है कि हुनर सीखने की इच्छा, धैर्य और लगातार प्रयास किसी भी व्यक्ति के लिए नए अवसर पैदा कर सकते हैं। कभी 200 रुपये की दिहाड़ी से अपने परिवार की मदद करने वाले अनीश आज खुद एक कारोबार खड़ा कर चुके हैं। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि शायद यही है कि जिस हुनर को उन्होंने कभी अपने गुरु से सीखा था, आज उसी के सहारे दूसरों के लिए भी रोजगार और सीखने का रास्ता तैयार कर रहे हैं।