आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ओडिशा सरकार ने चक्रवात 'अकवान' के कमजोर पड़ने के बाद शनिवार को जल संसाधन विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश देते हुए उसे नदियों और जलाशयों की चौबीसों घंटे निगरानी करने का आदेश दिया है।
जल संसाधन विभाग की सचिव शुभा शर्मा ने समीक्षा बैठक के बाद बताया कि सभी क्षेत्रीय इकाइयों और संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा एहतियाती उपाय लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चक्रवात के कारण लगातार हो रही बारिश से राज्य की अधिकांश नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।
भुवनेश्वर मौसम केंद्र के अनुसार, भीषण चक्रवाती तूफान अकवान दक्षिणी तटीय ओडिशा के ऊपर बना हुआ था। इसके अगले छह घंटों के दौरान ओडिशा के ऊपर उत्तर दिशा में बढ़ने और कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है।
भुवनेश्वर मौसम केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि राज्य में बारिश की तीव्रता अब काफी कम हो गई है लेकिन पूर्वानुमान के अनुसार कुछ जिलों में बारिश जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि बालासोर, मयूरभंज, क्योंझर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, जगतसिंहपुर, जाजपुर के अलावा पुरी, खुर्दा और कटक में बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, हालांकि कई इलाकों में पहले ही काफी बारिश हो चुकी है।
जल संसाधन विभाग के सूत्रों ने बताया कि शनिवार सुबह 8:30 बजे तक बालासोर और कटक जिलों में औसतन करीब 50 मिलीमीटर बारिश हुई।