Unusual cold wave wreaks havoc in Saudi Arabia, with temperatures plummeting due to snowfall and torrential rain in northern areas.
आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली
सऊदी अरब में इस बार सर्दियों ने कुछ ऐसा रंग दिखाया, जिसकी आमतौर पर वहां कल्पना भी नहीं की जाती। देश के उत्तरी हिस्सों में अचानक मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में बर्फबारी, तेज बारिश और कड़ाके की ठंड दर्ज की गई। रेगिस्तानी देश में यह नज़ारा लोगों के लिए चौंकाने वाला भी रहा और रोमांचक भी।
उत्तरी सऊदी अरब के तबूक, अल-जौफ और हाइल जैसे क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई, जिससे सड़कें और पहाड़ियां पूरी तरह ढक गईं। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने इस दुर्लभ मौसम का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं।
मौसम विभाग के मुताबिक, यह बदलाव एक शक्तिशाली शीत लहर और पश्चिमी विक्षोभ जैसे सिस्टम के कारण हुआ। ठंडी हवाओं के साथ नमी बढ़ने से बारिश हुई और तापमान शून्य के करीब पहुंच गया। कई जगहों पर रात के समय तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया, जिससे लोगों को हीटर और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।
अचानक बदले मौसम का असर जनजीवन पर भी दिखा। कुछ इलाकों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, जबकि पहाड़ी और उत्तरी सड़कों पर फिसलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन ने लोगों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने और मौसम अलर्ट का पालन करने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मध्य पूर्व में इस तरह के असामान्य मौसम की घटनाएं जलवायु परिवर्तन के संकेत भी हो सकती हैं। हाल के वर्षों में सऊदी अरब में कभी भारी बारिश, कभी बाढ़ और अब बर्फबारी जैसी घटनाएं बढ़ती दिख रही हैं।