केरल चुनाव में यूडीएफ बड़ी जीत हासिल करेगा, जीत का श्रेय राहुल गांधी को : चेन्निथला

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-04-2026
UDF will secure a major victory in the Kerala elections; the credit for the win goes to Rahul Gandhi: Chennithala
UDF will secure a major victory in the Kerala elections; the credit for the win goes to Rahul Gandhi: Chennithala

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
 
 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने सोमवार को विश्वास व्यक्त किया कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) केरल विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगा ।
 
उन्होंने कहा कि इस संभावित जीत का श्रेय राहुल गांधी के नेतृत्व जाता है।
 
चेन्निथला ने यहां पत्रकारों से कहा कि पिछले 10 वर्षों के शासन के बाद पूरे राज्य में राजनीतिक परिवर्तन की प्रबल भावना है। उन्होंने दावा किया कि जनता का मूड स्पष्ट रूप से यूडीएफ के पक्ष में है।
 
उन्होंने भारी जीत मिलने के मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के दावों को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि ऐसे बयान पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से दिये जाते हैं।
 
उन्होंने माकपा के प्रदेश सचिव एम वी गोविंदन की टिप्पणियों की भी आलोचना करते हुए उन्हें एक झूठा विमर्श गढ़ने का प्रयास बताया।
 
चेन्निथला ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और यूडीएफ ने एकता एवं समन्वय के साथ काम किया। उन्होंने दावा किया कि इसके परिणामस्वरूप निर्णायक जनादेश प्राप्त होगा।
 
पार्टी के भीतर एकता लाने का श्रेय राहुल गांधी को देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता शुरुआत से ही चुनाव संबंधी गतिविधियों और प्रचार पर बारीकी से नजर रख रहे थे।
 
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दोनों ने नयी दिल्ली में नेताओं की बैठक बुलाई तथा यह सुनिश्चित किया कि पार्टी एवं मोर्चा एकजुट रहें। उन्होंने कहा कि दोनों ने मिलकर काम करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिये।
 
चेन्निथला से जब मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान उचित निर्णय लेगा और इस मामले पर कोई मतभेद नहीं होगा।
 
केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को चुनाव हुए थे और अंतिम परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।a