मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-04-2026
Malaysian Prime Minister Anwar Ibrahim expressed condolences on the passing of Asha Bhosle.
Malaysian Prime Minister Anwar Ibrahim expressed condolences on the passing of Asha Bhosle.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली


 
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने मंगलवार को दिग्गज भारतीय गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे संगीत और संस्कृति की दुनिया के लिए “अपूरणीय क्षति” करार दिया।

इब्राहिम ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि भोसले ने अपनी हजारों रचनाओं के जरिए कई पीढ़ियों को भावनाओं, परंपराओं और कथाओं के साथ जोड़ा।
 
उन्होंने कहा कि उनकी विशिष्ट आवाज ने सिल्वर स्क्रीन और उन नाटकों को जीवंत कर दिया जिन्होंने दुनिया भर में लाखों प्रशंसकों के दिलों को छुआ।
 
भोसले ने आठ दशकों से अधिक समय तक बॉलीवुड संगीत पर राज किया।
 
आशा भोसले का रविवार सुबह 92 वर्ष की आयु में ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उन्हें छाती में संक्रमण और थकान के बाद शनिवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
 
इब्राहिम ने उनके परिवार और सभी कला प्रेमियों के प्रति मलेशिया की ओर से संवेदना व्यक्त की और आशा जताई कि उनकी विरासत आगे भी फलती-फूलती रहेगी जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी और संगीत व संस्कृति की दुनिया को समृद्ध बनाएगी।
 
उन्होंने कहा, “लता मंगेशकर की छोटी बहन होने के नाते, उन्होंने दक्षिण एशिया की सांस्कृतिक विरासत में एक उल्लेखनीय पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाया और साथ ही अपनी अलग पहचान बनाई। अपनी विशिष्ट शैली के साथ उन्होंने साहसिक प्रयोग किए और बदलते समय के बीच भी प्रासंगिक बनी रहीं।”
 
भोसले ने अपने आठ दशकों से अधिक लंबे करियर में 20 भाषाओं में 12,000 से अधिक गीत गाए। उन्हें वर्ष 2000 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार और 2008 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
 
भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई में हुआ। फिल्म जगत समेत कई जानी-मानी हस्तियों ने दिवंगत गायिका को अंतिम विदाई दीं।
 
 
विदेश सिंगापुर