पुष्कर में राजनीतिक पोस्टर लगाने पर दो ब्रिटिश नागरिकों को भारत छोड़ने को नोटिस

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-02-2026
Two British nationals served leave notices for putting up political posters in Pushkar
Two British nationals served leave notices for putting up political posters in Pushkar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 राजस्थान पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने पुष्कर कस्बे में सार्वजनिक स्थानों पर राजनीतिक पोस्टर लगाने के आरोप में दो ब्रिटिश नागरिकों को ‘‘भारत छोड़ो’’ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
अधिकारियों के अनुसार, 21 जनवरी को शहर भर में कई स्थानों पर इजराइल-फलस्तीन संघर्ष से संबंधित पोस्टर दिखने की रिपोर्ट मिलने के बाद इन दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। इन कथित पोस्टर्स पर ‘फलस्तीन को आजाद करो, इजराइल का बहिष्कार करो’ जैसे संदेश लिखे थे।
 
सीआईडी की एक टीम ने मामले की जांच की और इस गतिविधि में दो विदेशी पर्यटकों के शामिल होने का पता चला।
 
पुलिस ने बताया कि दोनों पर्यटक वीजा पर भारत आए हैं। सीआईडी ने पाया कि उनका कृत्य वीजा की उन शर्तों का उल्लंघन है, जो राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने पर रोक लगाती हैं।
 
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सीआईडी) राजेश मीणा ने कहा कि भारत में रहते हुए दूसरे देशों के प्रति अनादर दिखाने वाली गतिविधियों में शामिल होना वीजा नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि ये नोटिस आव्रजन एवं विदेशी नागरिक कानून 2025 के प्रावधानों के तहत जारी किए गए हैं, जिसमें दोनों को देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
 
उल्लेखनीय है कि पुष्कर में हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं जिनमें इजराइल के भी कई लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि उक्त पोस्टर के संबंध में पर्यटकों से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली थी।
 
सीआईडी के दखल के बाद सार्वजनिक स्थानों से इन पोस्टर को हटा दिया गया।
 
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन इलाकों में जांच की जहां अक्सर विदेशी पर्यटक आते हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं और तो ऐसे पोस्टर नहीं लगे।